गूगल पर इंग्लिश में करें सर्च, आपकी भाषा में दिखेंगे सर्च रिजल्ट्स
क्या है खबर?
गूगल ने अपने सर्च इंजन में एक बदलाव किया है, जिससे भारतीय भाषाओं में सर्च रिजल्ट्स मिलेंगे।
भले ही यूजर इंग्लिश या फिर रोमन कैरेक्टर्स में लिखकर कुछ सर्च करें, रिजल्ट्स उसे स्थानीय भाषा में दिखाए जाएंगे।
इसका फायदा उन यूजर्स को मिलेगा, जो इंग्लिश में टाइप करने की वजह से अपनी स्थानीय भाषा में गूगल सर्च नहीं कर पाते थे।
कंपनी लैंग्वेज प्रोसेसिंग मॉडल MuRIL भी लेकर आई है, जिसे भारतीय भाषाओं के लिए तैयार किया गया है।
वजह
क्यों महत्वपूर्ण है नया बदलाव?
सर्च और बेंगलुरू साइट लीड के इंजीनियरिंग डायरेक्टर आनंद रंगराजन ने गूगल सर्च से जुड़े बदलाव के बारे में जानकारी दी।
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, आनंद ने कहा, "भारत से जुड़ी एक खास बात यह है कि यहां डिवाइस इंग्लिश में सेटअप किए जाते हैं और किसी स्थानीय भाषा के मुकाबले इंग्लिश में फोन इस्तेमाल करना आसान होता है। भारत में जो यूजर्स अपनी स्थानीय भाषा में ज्यादा सहज हैं, वे भी इंटरनेट पर इंग्लिश में सर्च करते हैं।"
फीचर
टाइपिंग इंग्लिश, लेकिन रिजल्ट्स अपनी भाषा में
गूगल ने ऐसे यूजर्स का काम आसान कर दिया है, जो स्थानीय भाषा में टाइप नहीं कर सकते।
किसी भारतीय भाषा के मुकाबले इंग्लिश में टाइप करना ज्यादा आसान होता है, इसलिए स्थानीय भाषा के किसी शब्द को भी इंग्लिश कैरेक्टर में लिखे जाने पर गूगल उसका मतलब समझ जाएगी।
उदाहरण के लिए अगर कोई यूजर हिंदी में 'हाथी' टाइप ना करते हुए रोमन या लैटिन कैरेक्टर्स में 'Hathi' गूगल सर्च में लिखता है, तो उसे सही सर्च रिजल्ट्स मिलेंगे।
अपडेट
कब तक मिल जाएगा नया अपडेट?
गूगल सर्च में यह बदलाव किया जा चुका है और अगले कुछ महीनों में सभी यूजर्स इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।
यूजर की ओर से सर्च किए गए की-वर्ड से जुड़े परिणाम उसे इंग्लिश और स्थानीय भाषा में दो अलग-अलग टैब में दिखाए जाएंगे।
इंग्लिश में टाइप करके अपनी भाषा में गूगल सर्च के परिणाम देखना किसी भी यूजर के ब्राउजिंग अनुभव को बेहतर कर देगा।
नया फीचर पहले पांच भारतीय भाषाओं हिंदी, बांग्ला, तमिल, तेलुगू और मराठी में दिया जाएगा।
मैप्स
भारतीय भाषाओं में गूगल मैप्स
गूगल की नेविगेशन सर्विस गूगल मैप्स पर भी अब भारतीय भाषाओं का सपोर्ट यूजर्स को मिलेगा।
मैप्स ऐप अब नौ भारतीय भाषाओं में इस्तेमाल की जा सकेगी।
ऐप की सेटिंग्स में जाकर यूजर्स भाषा बदल सकेंगे और अपनी भाषा में जगहों के नाम सर्च करने से लेकर नेविगेशन भी कर पाएंगे।
गूगल लेंस के लिए भी भारत सबसे बड़ा मार्केट है और गूगल लेंस जल्द ही हिंदी भाषा के साथ भी काम करेगी।
मॉडल
गूगल का नया 'लैंग्वेज-प्रोसेसिंग मॉडल'
सर्च इंजन कंपनी ने लैंग्वेज प्रोसेसिंग से जुड़ा खास मॉडल भी दिखाया, जिसे भारत में तैयार किया गया है।
इस मॉडल का नाम 'मल्टीलिंगुअल रिप्रेजेंटेशन फॉर इंडियन लैंग्वेजेस या MuRIL' रखा गया है।
इसकी मदद से अलग-अलग भारतीय भाषाओं में अनुवाद किया जा सकता है।
मॉडल रोमन कैरेक्टर्स में लिखे गए भारतीय भाषा के शब्दों को समझकर इंग्लिश में अनुवाद कर सकता है। इसकी मदद से व्याकरण से जुड़ी गलतियों के बावजूद किसी वाक्य का मतलब समझा जा सकता है।