Page Loader
बंद होगी गूगल की गेम-स्ट्रीमिंग सर्विस स्टाडिया, जानिए कारण
जनवरी 2023 के मध्य तक स्टाडिया गेमिंग सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी (तस्वीर: गूगल)

बंद होगी गूगल की गेम-स्ट्रीमिंग सर्विस स्टाडिया, जानिए कारण

Sep 30, 2022
07:32 pm

क्या है खबर?

दिग्गज टेक कंपनी गूगल ने आधिकारिक तौर पर अपनी क्लाउड-बेस्ड गेमिंग सर्विस स्टाडिया (Stadia) को बंद करने का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने कहा है कि गूगल स्टोर के माध्यम से की गई सभी हार्डवेयर की खरीद और स्टाडिया स्टोर के माध्यम से की गई सभी गेम और बाकी चीजों का रिफंड दिया जाएगा। कंपनी को अगले साल जनवरी तक अधिकांश रिफंड पूरा करने की उम्मीद है। फिलहाल, स्टाडिया की सेवाएं 18 जनवरी, 2023 तक जारी रहेंगी।

जानकारी

क्या है गूगल स्टाडिया?

गूगल स्टाडिया एक क्लाउड-बेस्ड गेमिंग सर्विस है, जिसपर अकाउंट बनाकर यूजर्स गेम्स खेल सकते हैं। क्लाउड-बेस्ड होने का मतलब है कि यूजर्स को गेम अपने सिस्टम में डाउनलोड नहीं करना पड़ता और वे किसी भी डिवाइस पर लॉगिन कर गेमिंग शुरू कर सकते हैं।

कारण

ये हो सकती है बंद करने की वजह

स्टाडिया उस हद तक ग्रोथ नहीं कर पाई, जितनी कंपनी को उम्मीद थी। ऐसे में कम ग्रोथ के कारण गूगल ने अपनी क्लाउड गेमिंग सेवा स्टाडिया को बंद करने का फैसला किया है। गूगल की स्टाडिया माइक्रोसॉफ्ट के Xbox, सोनी के प्ले स्टेशन और अमेजन के लूना जैसी लोकप्रिय गेमिंग सेवाओं को टक्कर नहीं दे पाई। गूगल स्टाडिया के बंद होने से इसके यूजर्स को जरूर धक्का लगेगा।

शुरुआत

2019 में लॉन्च हुआ था स्टाडिया

पिछले साल से ही गूगल स्टाइडिया के साथ चीजें ठीक नहीं चल रही थी। कंपनी ने पिछले साल अपना इन हाउस गेम डिवेलपमेंट डिवीजन बंद कर दिया था और अन्य पार्टनर्स नए गेम्स तैयार कर रहे थे। तब गूगल ने कहा था कि इंटरनल गेम स्टूडियो को बंद करने का असर प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले कंटेंट पर नहीं होगा और थर्ड-पार्टी की ओर से नए गेम्स मिलते रहेंगे। बता दें, गूगल ने स्टाडिया को 2019 में लॉन्च किया था।

जानकारी

स्टाडिया तकनीक को अन्य के साथ शेयर करेगी कंपनी

स्टाडिया टीम के कर्मचारियों को कंपनी के अन्य हिस्सों में भेजने की बात कही गई है। वहीं स्टाडिया के उपाध्यक्ष GM फिल हैरिसन ने बताया किया कि स्टाडिया की तकनीक को यूट्यूब, गूगल प्ले और अन्य गेमिंग से संबंधित कंपनियों के साथ शेयर किया जाएगा।

बजट में कटौती

खर्चों में कटौती कर रही है कंपनी

अपने प्रोजेक्ट्स को बंद करने की गूगल की पुरानी आदत है। अब कंपनी अपने खर्चों को सीमित करने के लिए अपनी रणनीतियों में कई बदलाव कर रही है। हाल ही में गूगल ने अपने अगले पिक्सलबुक लैपटॉप को बंद करने की बात कही थी और मैसेजिंग ऐप हैंगआउट्स भी नवंबर में बंद हो रहा है। इसके अलावा कंपनी ने अपनी गैर-जरुरी व्यावसायिक यात्राओं को भी रद्द कर दिया है।