
गूगल सर्च में आया फीचर, नए शब्द सीखना बन जाएगी रोजाना की आदत
क्या है खबर?
अगर आप नए शब्द सीखना चाहते हैं तो गूगल ऐप इसमें आपकी मदद करने वाली है।
सर्च इंजन कंपनी की ओर से एक नया फीचर रोलआउट किया गया है, जो भाषा पर पकड़ बेहतर बनाने के लिए आपको रोज नए शब्द सिखाएगा।
लेटेस्ट फीचर के साथ यूजर्स रोज एक नए शब्द का नोटिफिकेशन पाने के लिए साइन-अप कर सकेंगे।
इसके बाद यूजर्स को नोटिफिकेशन में नए शब्द और उनसे जुड़े मजेदार फैक्ट्स भी दिखाए जाएंगे।
घोषणा
ब्लॉग पोस्ट में दी नए फीचर की जानकारी
गूगल ने नए फीचर से जुड़ी जानकारी बीते दिनों शेयर की एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए दी है।
कंपनी ने बताया है कि यूजर्स को गूगल ऐप के जरिए नए फीचर के लिए साइन-अप करने का विकल्प मिल जाएगा।
इसके बाद वे ना सिर्फ रोज नए शब्द सीखेंगे बल्कि शब्दों से जुड़े मजेदार फैक्ट्स भी उन्हें पता चलेंगे।
अंग्रेजी भाषा सीखना भी इस नए फीचर के साथ मजेदार हो जाएगा।
तरीका
ऐसे इनेबल कर पाएंगे नया गूगल फीचर
गूगल का नया फीचर इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में गूगल ऐप ओपेन करनी होगी और कोई शब्द सर्च करना होगा।
इसका मतलब बताने के अलावा यूजर को टॉप-राइट कॉर्नर पर 'बेल' आइकन भी दिखाया जाएगा।
इस आइकन पर क्लिक करने के बाद फीचर ऐक्टिवेट हो जाएगा और यूजर को रोज नए शब्द के सुझाव नोटिफिकेशन में दिए जाएंगे।
यह फीचर स्मार्टफोन में गूगल ऐप इंस्टॉल होने पर ही इस्तेमाल किया जा सकेगा।
भाषा
अभी केवल अंग्रेजी भाषा के लिए आया फीचर
गूगल सर्च में शामिल किया गया नया फीचर अभी केवल अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है, यानी कि इसे इनेबल करने वाले यूजर्स को अंग्रेजी भाषा के शब्द सिखाए जाएंगे।
गूगल ने कहा है कि ये शब्द अंग्रेजी सीखने वाले और अंग्रेजी बोलने वाले दोनों तरह के यूजर्स के लिए नए होंगे।
कंपनी जल्द ही यूजर्स को यह तय करने का विकल्प देगी कि उन्हें नोटिफिकेशंस में दिखने वाले शब्द कितने कठिन हों।
ट्यूनर
गूगल सर्च से गिटार ट्यून कर सकते हैं आप
बीते दिनों गूगल ने अपने सर्च इंजन में एक नया फीचर शामिल किया है, जिसकी मदद से यूजर्स अपने म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स की ट्यूनिंग कर सकेंगे।
स्ट्रिंग वाले म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स (जैसे- गिटार) को ट्यून करने के लिए गूगल का नया फीचर डिवाइस के माइक्रोफोन की मदद लेगा।
नया इन-बिल्ट ट्यूनर ऐप स्टोर्स पर उपलब्ध अलग-अलग ट्यूनिंग ऐप्स की तरह की काम करता है।
यह फीचर लाइव हो चुका है और सर्च बार में 'गूगल ट्यूनर' लिखकर ऐक्सेस किया जा सकता है।
डार्क मोड
डेस्कटॉप पर मिलने लगा डार्क मोड सपोर्ट
लंबे इंतजार के बाद कंपनी ने पिछले महीने यूजर्स के लिए गूगल सर्च डेस्कटॉप पर डार्क मोड रोलआउट कर दिया है।
अब बड़ी स्क्रीन पर गूगल सर्च करते वक्त आप ब्राइट वेब पेज को इंकी ग्रे कलर में स्विच कर सकते हैं।
गूगल ऐप में यूजर्स को पहले ही यह विकल्प मिल रहा था और अब इसे गूगल सर्च डेस्कटॉप पर भी डार्क मोड इनेबल किया जा सकता है।
यह फीचर सर्वर साइड अपडेट के जरिए शामिल किया गया है।