
क्लबहाउस ऐप में आया ऑटो लाइव कैप्शंस फीचर, सुनने के अलावा पढ़ भी सकेंगे बातें
क्या है खबर?
लोकप्रिय ऑडियो ओनली प्लेटफॉर्म क्लबहाउस की ओर से नए लाइव कैप्शन फीचर को ऐप का हिस्सा बनाया गया है।
हालांकि, एंड्रॉयड यूजर्स को इस अपडेट के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है और अभी केवल iOS यूजर्स के लिए नया फीचर उपलब्ध है।
क्लबहाउस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से इस फीचर के रोलआउट की जानकारी दी है।
इस फीचर का फायदा सुनने में आंशिक या पूर्ण रूप से अक्षम ऐप यूजर्स को मिलेगा।
फीचर
ऑडियो सेशन के दौरान दिखेंगे कैप्शंस
ऐप का हिस्सा बनाए गए क्लोज्ड कैप्शनिंग फंक्शन के साथ क्लबहाउस ऑडियो सेशन के दौरान अपने आप लाइव ट्रांस्क्रिप्शन दिखाएगी।
इस तरह जो यूजर्स स्पीकर की बात नहीं समझ पा रहे हैं, वे कैप्शन पढ़ सकेंगे।
नए फीचर का फायदा खास तौर से दिव्यांग यूजर्स को मिलेगा, जो मौजूदा सीमाओं के चलते क्लबहाउस पर दूसरों से नहीं जुड़ पाते।
क्लबहाउस को टक्कर देने वाले ट्विटर स्पेसेज में पहले ही यह फीचर मिलता है।
ट्विटर पोस्ट
ऐसे काम करेगा नया कैप्शनिंग फीचर
closed captioning is here for iOS! update your app now to see it in action in live rooms.
— Clubhouse (@Clubhouse) November 17, 2021
here's a lil' example, in case you need convincing... pic.twitter.com/v2poAjE2Pl
भाषाएं
क्लबहाउस को मिला 13 भाषाओं का सपोर्ट
टेकक्रंच की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने ऐप में 13 भाषाओं का सपोर्ट शामिल किया है।
यानी कि नए फीचर के साथ यूजर्स को अलग-अलग भाषाओं में लाइव सबटाइटल्स दिखाए जाएंगे।
इन भाषाओं में अंग्रेजी, कैंटोनीज, मंदारिन चाइनीज, यू चाइनीज, फ्रेंच, जर्मन, इटैलियन, जापानी, कोरियन, स्पैनिश, अरेबिक, रशियन और टर्किश शामिल हैं।
हालांकि, ये भाषाएं अभी बीटा वर्जन में शामिल की गई हैं और इनसे जुड़े कैप्शंस बिल्कुल सटीक हों, ऐसा जरूरी नहीं है।
इंतजार
एंड्रॉयड यूजर्स को करना होगा इंतजार
लाइव कैप्शनिंग से जुड़े फीचर को अभी केवल iOS ऐप का हिस्सा बनाया गया है और एंड्रॉयड यूजर्स को इसके लिए इंतजार करना होगा।
कंपनी ने इस बारे में कुछ नहीं कहा है कि एंड्रॉयड ऐप में नया विकल्प कब तक दिया जाएगा।
आप जानते होंगे कि क्लबहाउस ऐप को पिछले साल केवल iOS यूजर्स के लिए रिलीज किया गया था और बढ़ती लोकप्रियता के चलते बाद में एंड्रॉयड यूजर्स के लिए भी लॉन्च किया गया।
लिंक
क्लबहाउस रूम में पिन कर सकते हैं लिंक
नेटवर्किंग ऐप जल्द यूजर्स को एक्सटर्नल लिंक शेयर करने का विकल्प भी देने वाली है।
नए फीचर के साथ किसी ऑडियो रूम के मॉडरेटर्स बाहरी वेबसाइट या पेज का लिंक अपने रूम में सबसे ऊपर पिन कर सकेंगे।
इन लिंक्स की मदद से रूम का हिस्सा बनने वाले स्पीकर्स और लिसनर्स को मॉडरेटर्स उनकी वेबसाइट या प्लेटफॉर्म पर भेज सकेंगे।
हालांकि, सुरक्षा से जुड़े मामलों को लेकर कुछ लिंक्स रूम में शेयर करने का विकल्प नहीं मिलेगा।
कमाई
ऑडियो रूम्स पर टिकट लगा पाएंगे क्रिएटर्स
रिपोर्ट्स की मानें तो आने वाले महीनों में ऐप पर कई मॉनिटाइजेशन फीचर्स रोलआउट किए जाएंगे। इनसे जुड़ी जानकारी ऐप अपडेट्स के साथ ही यूजर्स को मिलेगी।
इन फीचर्स में सीधे ऐप को मॉनिटाइज करने के अलावा सब्सक्रिप्शंस बेस्ड मॉडल शामिल हो सकता है।
क्लबहाउस जल्द यूजर्स को ऑडियो रूम्स पर टिकट लगाने का विकल्प देने वाली है। इस तरह यूजर्स अपने पॉडकास्ट, बुक या दूसरे काम को प्रमोट कर पाएंगे।