क्लबहाउस ऐप को मिला नया अपडेट, मिला पांच भारतीय भाषाओं का सपोर्ट
क्या है खबर?
ऑडियो आधारित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म क्लबहाउस की ओर से नया अपडेट रोलआउट किया गया है।
कंपनी ने लोकल लैंग्वेज सपोर्ट की घोषणा करते हुए 13 नई भाषाएं ऐप में शामिल की हैं और इनमें पांच भारतीय भाषाएं भी शामिल हैं।
नई भाषाओं का सपोर्ट पहले एंड्रॉयड यूजर्स को दिया जाएगा और बाद में सभी यूजर्स को मिलेगा।
इसके अलावा ऐप ने अपने आइकन के तौर पर अनिरुद्ध देशमुख को पहले भारतीय यूजर के तौर पर चुना है।
भाषाएं
इन भाषाओं को क्लबहाउस का हिस्सा बनाया गया
प्लेटफॉर्म पर आयोजित की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कंपनी ने बताया कि भारतीय यूजर्स को अब हिंदी, मलयालम, तमिल, तेलुगू और कन्नड़ का सपोर्ट दिया गया है।
वहीं, लोकलाइजेशन फीचर के साथ शामिल की गईं दूसरी भाषाएं फ्रेंच, जर्मन, जापानी, कोरियन, पुर्तगाली (ब्राजीलियन) और स्पेनिश हैं।
कंपनी ने ब्लॉग में लिखा, "यह वाकई शानदार है कि ढेरों देशों के लोग इस ऐप पर एकसाथ आए, जो केवल अंग्रेजी भाषा को सपोर्ट करती है।"
आइकन
क्लबहाउस आइकन में भारतीय यूजर का चेहरा
ऑडियो सोशल ऐप क्लबहाउस ने अपना ऐप आइकन भी अपडेट किया है और पहली बार कोई भारतीय चेहरा इसका आइकन बना है।
ऐप अपडेट करने पर इसके आइकन में मुंबई में रहने वाले अनिरुद्ध देशमुख दिखेंगे।
बता दें, क्लबहाउस नए अपडेट के साथ अपना आइकन बदलती है और क्रिएटर्स की तस्वीर इसके लिए इस्तेमाल करती है।
अब आइकन बनाए गए देशमुख ऐप में 'लेट नाइट जैम' नाम से शो होस्ट करते हैं।
यूजर्स
ऐप पर इतना वक्त बिताते हैं यूजर्स
कंपनी ने बताया कि इसके यूजर्स रोजाना औसत 70 मिनट वक्त क्लबहाउस इस्तेमाल करते हुए बिताते हैं।
हालांकि, अलग-अलग मार्केट्स या देशों के हिसाब से डाटा नहीं शेयर किया गया है।
ऐप फाउंडर पॉल डेविसन ने बताया है कि कंपनी यूजर्स की सुरक्षा के लिए नए फीचर्स तो शामिल करेगी ही, साथ ही मौजूदा एल्गोरिद्म को भी बेहतर बनाने का काम कर रही है।
को-फाउंडर रोहन सेठ ने बेहतर कंटेंट के वादे के साथ यूनिवर्सल सर्च फीचर का जिक्र किया।
लिंक्स
रूम के ऊपर लिंक पिन करने का ऑप्शन
सोशल नेटवर्किंग ऐप जल्द यूजर्स को एक्सटर्नल लिंक शेयर करने का विकल्प भी देने वाली है।
नए फीचर के साथ किसी ऑडियो रूम के मॉडरेटर्स बाहरी वेबसाइट या पेज का लिंक अपने रूम में सबसे ऊपर पिन कर सकेंगे।
इन लिंक्स की मदद से रूम का हिस्सा बनने वाले स्पीकर्स और लिसनर्स को मॉडरेटर्स उनकी वेबसाइट या प्लेटफॉर्म पर भेज सकेंगे।
हालांकि, सुरक्षा से जुड़े मामलों को लेकर कुछ लिंक्स रूम में शेयर करने का विकल्प नहीं मिलेगा।
मॉनिटाइजेशन
क्लबहाउस रूम से कमाई का विकल्प
सामने आया है कि आने वाले महीनों में ऐप पर कई मॉनिटाइजेशन फीचर्स रोलआउट किए जाएंगे। इनसे जुड़ी जानकारी ऐप अपडेट्स के साथ ही यूजर्स को मिलेगी।
इन फीचर्स में सीधे ऐप को मॉनिटाइज करने के अलावा सब्सक्रिप्शंस बेस्ड मॉडल शामिल हो सकता है।
क्लबहाउस जल्द यूजर्स को ऑडियो रूम्स पर टिकट लगाने का विकल्प देने वाली है। इस तरह यूजर्स अपने पॉडकास्ट, बुक या दूसरे काम को प्रमोट कर पाएंगे।