LOADING...
कौन हैं राजा इकबाल सिंह, जो बनने जा रहे हैं दिल्ली के अगले मेयर?
भाजपा ने दिल्ली मेयर पद के लिए राजा इकबाल सिंह को उम्मीदवार बनाया है

कौन हैं राजा इकबाल सिंह, जो बनने जा रहे हैं दिल्ली के अगले मेयर?

लेखन आबिद खान
Apr 21, 2025
04:39 pm

क्या है खबर?

भाजपा ने दिल्ली नगर निगम चुनावों के लिए राजा इकबाल सिंह को मेयर और जय भगवान यादव को उप-मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है। इसी के साथ इकबाल सिंह का दिल्ली का नया मेयर बनना लगभग तय हो गया है, क्योंकि आम आदमी पार्टी (AAP) ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया है और भाजपा के पास बहुमत के लायक वोट भी हैं। आइए जानते हैं इकबाल सिंह कौन हैं।

परिचय

उत्तरी दिल्ली के मेयर रह चुके हैं इकबाल सिंह

इकबाल सिंह उत्तरी दिल्ली के मेयर रह चुके हैं और दूसरी बार निगम पार्षद चुनकर आए हैं। 2017 से 2018 तक वे पहले सिविल लाइंस जोन के अध्यक्ष रहे हैं। इकबाल जून, 2023 से विपक्ष के नेता के रूप में काम कर रहे हैं। तब करीब 15 साल बाद भाजपा के किसी नेता को ये पद मिला था। फिलहाल वे मुखर्जी नगर से पार्षद हैं। उनके ससुर जहांगीरपुरी से 3 बार पार्षद रह चुके हैं।

अकाली दल

अकाली दल में रहे हैं इकबाल सिंह

इकबाल सिंह ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से BSc की डिग्री हासिल की है। इसके बाद मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से LLB की पढ़ाई की। राजनीति में आने से पहले इकबाल सिंह अमेरिका में कामकाज करते थे। इकबाल सिंह और उनका परिवार लंबे समय से अकाली दल से जुड़ा हुआ था। हालांकि, किसान कानूनों को लेकर अकाली दल के भाजपा से संबंध तोड़ने के बाद इकबाल भाजपा में शामिल हो गए।

संख्याबल

इकबाल का मेयर बनना तय

MCD में फिलहाल 238 सदस्य हैं और बहुमत का आंकड़ा 132 है। फिलहाल भाजपा के 117, AAP के 113 और कांग्रेस के 8 पार्षद हैं। 7 लोकसभा सांसद और राज्यपाल की ओर से मनोनीत 14 में से 11 विधायकों को मिलाकर भाजपा का संख्याबल 135 पर पहुंच जाता है, जो बहुमत के आंकड़े से 3 ज्यादा है। AAP अपने मनोनीत विधायक, 3 राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के वोटों को मिलाकर भी बहुमत से दूर है।

AAP

AAP ने चुनावों से क्यों बनाई दूरी?

AAP के नेता सौरभ भारद्वाज और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, "MCD मेयर चुनाव में AAP इस बार अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। भाजपा ने पहले भी MCD का चुनाव रुकवा दिया था। परिसीमन के दौरान वार्डों को इधर-उधर किया गया। परिसीमन के दौरान जबरदस्त गड़बड़ी और भ्रष्टाचार किया गया। इसके बावजूद BJP चुनाव हारी और AAP की सरकार बनी। AAP MCD में भी मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। हम तोड़फोड़ और खरीद-फरोख्त की राजनीति नहीं करते हैं।"

पिछले चुनाव

क्या रहे थे पिछले चुनावों के नतीजे? 

MCD मेयर का आखिरी चुनाव नवंबर, 2024 में हुआ था। तब AAP के महेश खिंची ने भाजपा के किशन लाल को केवल 3 वोटों से हराकर चुनाव जीता था। चुनाव में 263 वोट डाले गए थे, जिनमें से खिंची को 133 और किशन लाल को 130 वोट मिले थे और 2 वोट अवैध हो गए थे। कांग्रेस पार्षदों ने चुनाव का बहिष्कार किया था। भाजपा बीते 3 साल से MCD में विपक्ष में है।