सुनेत्रा पवार NCP विधायक दल की नेता चुनी गईं, शाम को लेंगी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ
क्या है खबर?
दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक दल की नेता चुनी गई हैं। पार्टी विधायकों ने उन्हें सर्वसम्मति से अपना नेता चुना है। अब उनका उपमुख्यमंत्री बनना भी लगभग तय हो गया है। वे आज ही शाम में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। बताया जा रहा है कि अजित जिन मंत्रालयों का जिम्मा संभाल रहे थे, उनमें से ज्यादातर सुनेत्रा को मिलेंगे।
परिचय
कौन हैं सुनेत्रा पवार?
सुनेत्रा धाराशिव की रहने वाली हैं और राजनीतिक पृष्ठभूमि से आती हैं। उनके पिता बाजीराव और भाई पद्मसिंह पाटिल भी राजनीति से जुड़े हैं और शरद पवार के करीबी हैं। कहा जाता है कि इसी वजह से सुनेत्रा की शादी अजित से हुई। सुनेत्रा सामाजिक कार्यों में ज्यादा सक्रिय रही हैं। उन्होंने गांवों में निर्मलग्राम और ग्राम स्वच्छता अभियान शुरू किए। महिलाओं के लिए उन्होंने बारामती में एक टेक्सटाइल पार्क भी शुरू किया, जिसमें हजारों महिलाएं काम करती हैं।
बयान
शरद बोले- मुझे सुनेत्रा के बारे में जानकारी नहीं
वहीं, आज सुबह अजित के चाचा और NCP शरद गुट के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि उन्हें उपमुख्यमंत्री के लिए सुनेत्रा का नाम दिए जाने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा था, "उनकी पार्टी ने फैसला किया होगा। मैंने आज अखबार में देखा। प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे जैसे कुछ नाम हैं, जिन्होंने कुछ फैसले लेने की पहल की है। अगर परिवार में कोई समस्या होती है, तो परिवार एकजुट रहता है। परिवार में कोई समस्या नहीं है।"
बैठक
NCP में लगातार बैठकों के दौर जारी
शरद पवार के बारामती घर पर आज सुबह पवार परिवार की बैठक हुई। इसमें सुप्रिया सुले, रोहित पवार, युगेंद्र पवार और शरद गुट के कई नेता शामिल हुए। हालांकि, इस बीच सुनेत्रा मुंबई पहुंच चुकी थी। वहीं, अजित के बेटे पार्थ पवार ने अलग से करीब डेढ़ घंटे तक शरद से मुलाकात की। इस दौरान सुप्रिया सुले भी थीं। इधर मुंबई में भी अजित के आवास पर दिनभर बैठकें होती रहीं।
निधन
विमान हादसे में हुआ अजित का निधन
अजित 28 जनवरी को निजी विमान से मुंबई से बारामती जा रहे थे। उनके साथ निजी सुरक्षा अधिकारी और पायलट समेत 4 और लोग थे। विमान ने मुंबई से सुबह 8:10 बजे उड़ान भरी और बारामती में 8:30 पर लैंडिंग का पहला प्रयास किया। तब पायलट ने दृश्यता कम होने के चलते दोबारा उड़ान भर ली। 8:43 पर दोबारा लैंडिंग की अनुमति मिलने के एक मिनट बाद विमान क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी लोग मारे गए।