रानी मुखर्जी की 'मर्दानी 3' चल रही कछुआ की चाल, तीसरे दिन हुआ इतना कारोबार
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी की फिल्म 'मर्दानी 3' ने पहले दिन धीमी शुरुआत की, लेकिन इसने हार नहीं मानी। बॉक्स ऑफिस पर कछुए की चाल चलते हुए इसने तीसरे दिन सबसे ज्यादा कारोबार कर दिखाया है। बता दें, 30 जनवरी को रिलीज 'मर्दानी 3' के जरिए रानी ने पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में बड़े पर्दे पर दोबारा वापसी की है। फिल्म का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है, जबकि निर्माता यशराज फिल्म्स हैं।
कारोबार
'मर्दानी 3' का तीसरे दिन कारोबार सबसे ज्यादा
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, 'मर्दानी 3' ने अपनी रिलीज के तीसरे दिन (रविवार) को 7.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया है जो पिछली कमाई के मुकाबले सबसे ज्यादा है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर महज 4 करोड़ रुपये से ओपनिंग ली थी। दूसरे दिन 6.25 करोड़ कमाते हुए इसने अब तक कुल 17.50 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। हालांकि, 3 दिनों में फिल्म 20 करोड़ का आंकड़ा नहीं छू पाई है, जो थोड़ा चिंताजनक है।
फिल्म
ट्रेलर ने जगाई थी लोगों की उम्मीदें
'मर्दानी 3' का ट्रेलर काफी दमदार था जिसे देखकर लोगों ने इसके शानदार प्रदर्शन की उम्मीदें लगाई थीं। माना जा रहा था कि फिल्म पहले दिन दोहरे आंकड़ों में कमाई करेगी, लेकिन ऐसा न हो सका। वहीं दुनियाभर में, 3 दिनों के अंदर फिल्म की कमाई करीब 25.1 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। तीसरी किस्त से पहले निर्माता 2014 में 'मर्दानी' और 2019 में 'मर्दानी 2' लेकर आए थे, जिसे खूब सराहा गया था।