LOADING...
निर्मला सीतारमण ने एलन मस्क की टिप्पणी को लेकर विपक्ष पर बोला हमला, जानिए क्या कहा
निर्मला सीतारमण ने एलन मस्क की टिप्पणी को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना

निर्मला सीतारमण ने एलन मस्क की टिप्पणी को लेकर विपक्ष पर बोला हमला, जानिए क्या कहा

Feb 02, 2026
11:23 am

क्या है खबर?

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026-27 पर युवा संवाद में बोलते हुए वैश्विक विकास में भारत के बढ़ते योगदान पर प्रकाश डाला और अरबपति एलन मस्क की टिप्पणी का हवाला देते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। सीतारमण ने कहा कि मस्क ने भारत के योगदान के पैमाने को रेखांकित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के आंकड़ों का हवाला देकर वैश्विक सकर घरेलू उत्पाद (GDP) में चीन और भारत के बढ़ते प्रभाव को दर्शाया है।

योगदान

वैश्विक GDP में भारत का 17 प्रतिशत योगदान

सीतारमण ने कहा, "IMF के आंकड़ों में वैश्विक GDP वृद्धि में चीन का योगदान 26 प्रतिशत है, जबकि भारत का योगदान 17 प्रतिशत है, जो मिलकर वैश्विक वृद्धि का 43 प्रतिशत हैं।" उन्होंने कहा, "भारत के विपक्ष को भी यह समझना चाहिए कि भारत ने वर्तमान में इसी तरह की ताकत हासिल कर ली है। भले ही चीन के बाद दूसरे नंबर का अंतर अधिक है, लेकिन हम इसे जल्द ही खत्म कर देंगे। हमें इस पर भरोसा होना चाहिए।"

पोस्ट

मस्क ने वैश्विक GDP को लेकर क्या की थी पोस्ट?

मस्क ने IMF के जनवरी 2026 के अनुमानों पर आधारित एक चार्ट साझा किया था, जिसमें 2026 में वैश्विक वास्तविक GDP वृद्धि में शीर्ष 10 योगदानकर्ताओं को दिखाया गया है। इस चार्ट के साथ मस्क ने लिखा था, 'सत्ता का संतुलन बदल रहा है।' चार्ट के अनुसार, चीन और भारत के मिलकर वैश्विक विकास में 43.6 प्रतिशत का योगदान देने की उम्मीद है, जिसमें चीन का योगदान 26.6 प्रतिशत, भारत का 17 प्रतिशत और अमेरिका का 9.9 प्रतिशत बताया है।

Advertisement

निशाना

किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

मस्क की इसी पोस्ट को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा, 'मैं उन बयानों पर प्रतिक्रिया नहीं देता जो भारतीयों द्वारा नहीं दिए जाते। मैं मस्क का हवाला केवल राहुल गांधी को यह समझाने के लिए दे रहा हूं कि सरकार की आलोचना करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत का अपमान न करें और भारत की उपलब्धियों को कम न आंकें। एक गर्वित भारतीय बनें।'

Advertisement

आलोचना

राहुल ने की थी भारतीय अर्थव्यवस्था की आलोचना

रिजिजू की ये टिप्पणियां राहुल द्वारा सरकार की आर्थिक नीतियों की बार-बार की जा रही आलोचना की पृष्ठभूमि में आई हैं। पिछले साल जुलाई में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा की गई 'मृत अर्थव्यवस्था' वाली टिप्पणी पर एक प्रश्न का उत्तर देते हुए गांधी ने ट्रंप का समर्थन किया था और अर्थव्यवस्था के प्रबंधन को लेकर भाजपा की आलोचना की थी। उन्होंने रविवार को पेश किए गए बजट को भी जनता से जुड़े मुद्दों को नजरअंदाज करने वाला बताया था।

टिप्पणी

राहुल ने बजट को लेकर क्या की थी टिप्पणी

राहुल ने बजट को लेकर एक्स पर लिखा था, 'युवा बेरोजगार हैं। विनिर्माण क्षेत्र गिर रहा है। निवेशक पूंजी निकाल रहे हैं। घरेलू बचत में भारी गिरावट आ रही है। किसान संकट में हैं। वैश्विक संकट का खतरा मंडरा रहा है। इन सब की अनदेखी की जा रही है। एक ऐसा बजट जो सुधार करने से इनकार करता है, भारत के वास्तविक संकटों से बेखबर है।' इस टिप्पणी के बाद सीतारमण और रिजिजू ने उन पर निशाना साधा है।

Advertisement