Page Loader
नीतीश कुमार के "विश्वासघात" के बीच राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' बिहार पहुंची
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की न्याय यात्रा आज बिहार में प्रवेश कर चुकी है

नीतीश कुमार के "विश्वासघात" के बीच राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' बिहार पहुंची

लेखन नवीन
Jan 29, 2024
01:34 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' सोमवार को पश्चिम बंगाल से बिहार के किशनगंज में प्रवेश कर गई। लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में हुए बड़े राजनीतिक उलटफेर के बीच ये यात्रा हो रही है। दरअसल, एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पलटी मारते हुए केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के साथ नई सरकार बना ली है। इसे विपक्षी गठबंधन INDIA और कांग्रेस ने विश्वासघात करार दिया है।

राहुल गांधी

किशनगंज में जनसभा को संबोधित करेंगे राहुल

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राहुल की न्याय यात्रा आज पश्चिम बंगाल और बिहार की सीमा को पार करते हुए किशनगंज पहुंची है। राहुल किशनगंज शहर में वीर कुंवर सिंह बस पड़ाव तक पैदल रोड शो करेंगे। इसके बाद खगड़ा स्थित शहीद अशफाक उल्ला खान स्टेडियम में उनकी एक जनसभा तय है। राहुल रात्रि विश्राम किशनगंज के यादव कॉलेज में करेंगे। न्याय यात्रा के मद्देनजर सभी कांग्रेस नेता पूर्णिया में डेरा डाले हुए हैं।

न्याय यात्रा

राज्य के 7 जिलों में करीब 425 किलोमीटर यात्रा करेंगे राहुल

राहुल आगामी दिनों में बिहार के 7 जिलों में करीब 425 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। 30 जनवरी को यात्रा पूर्णिया के लिए रवाना होगी। यहां रंगभूमि मैदान में राहुल की एक रैली होगी। पूर्णिया के बाद अगले दिन कटिहार में राहुल की एक और रैली होने की संभावना है। यात्रा को सीमांचल के जिलों में केंद्रित किया गया है। यात्रा अररिया जिले से होती हुई फिर से पश्चिम बंगाल में प्रवेश करेगी और झारखंड होते हुए दोबारा बिहार लौटेगी।

मंच

बिहार में बदल चुके हैं राजनीतिक समीकरण 

रविवार को एक नाटकीय घटनाक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइडेट प्रमुख (JDU) प्रमुख नीतीश ने विपक्षी गठबंधन INDIA का साथ छोड़कर भाजपा के गठबंधन NDA से हाथ मिला लिया। पहले नीतीश के न्याय यात्रा के दौरान राहुल के साथ मंच साझा करने उम्मीद थी, लेकिन अब ऐसा संभव नजर नहीं आ रहा है। अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता लालू प्रसाद यादव और अन्य विपक्षी नेताओं के न्याय यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है।

कांग्रेस और JDU

सत्ता परिवर्तन पर कांग्रेस और नीतीश ने क्या कहा?

कांग्रेस ने JDU प्रमुख नीतीश के NDA में शामिल होने के फैसले की निंदा की है। कांग्रेस ने नीतीश पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने आखिरी समय में INDIA गठबंधन छोड़ा है और उन्हें जनता चुनाव में जरूर जवाब देगी। दूसरी ओर नीतीश ने कहा कि वह गठबंधन को बनाए रखने का हरसंभव कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी और उन्होंने सबकी राय के बाद यह निर्णय लिया है।

प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

पिछले लोकसभा चुनाव में बिहार की 40 में 39 सीटें भाजपा के NDA गठबंधन ने हासिल की थीं। तब एकमात्र किशनगंज सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ मोहम्मद जावेद की जीत हुई थी। इस वजह से राहुल किशनगंज से बिहार यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं।