LOADING...
प्रधानमंत्री ने पार्टियों से महिला आरक्षण विधेयक पर समर्थन मांगा, बोले- ये सही समय 
प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन विधेयक को लेकर सभी पार्टियों को पत्र लिखा है

प्रधानमंत्री ने पार्टियों से महिला आरक्षण विधेयक पर समर्थन मांगा, बोले- ये सही समय 

लेखन आबिद खान
Apr 12, 2026
11:59 am

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा और राज्यसभा की सभी पार्टियों के फ्लोर लीडर्स को पत्र लिखकर 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' पर समर्थन मांगा है। प्रधानमंत्री ने लिखा कि इस कानून को पूरे देश में सही अर्थों में लागू करने का सही समय अब आ गया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की अपनी लंबे समय से चली आ रही आकांक्षा को साकार करने का यह सही समय है।

पत्र

प्रधानमंत्री ने कहा- ये पार्टी या व्यक्ति से ऊपर का लम्हा

प्रधानमंत्री ने कहा, "संसद में इस विषय पर कई सांसदों का विचार व्यक्त करना बहुत अच्छा होगा। यह किसी एक पार्टी या व्यक्ति से ऊपर का क्षण है। चूंकि सभी राजनीतिक दलों ने लंबे समय से महिलाओं के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की है, इसलिए इस आकांक्षा को वास्तविकता में बदलने का यह सही समय है। यह अत्यावश्यक है कि 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव महिलाओं के लिए आरक्षण के साथ कराए जाएं।"

विरोध

कांग्रेस बोली- सरकार कानून से राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विधानसभा चुनावों के बीच संसद का विशेष सत्र बुलाकर सरकार इस कानून को राजनीतिक फायदे के लिए जल्दबाजी में लागू करना चाहती है। खड़गे ने मांग की कि इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए और परिसीमन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाए। बता दें कि सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन से जुड़े विधेयक के लिए 16 से 18 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है।

Advertisement