Page Loader
लोकसभा चुनाव: प्रधानमंत्री मोदी चंपारण से कर सकते हैं भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जनवरी को बिहार से पार्टी के लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे

लोकसभा चुनाव: प्रधानमंत्री मोदी चंपारण से कर सकते हैं भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत

लेखन नवीन
Jan 07, 2024
05:56 pm

क्या है खबर?

आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा कमर कस ली है और वह अलग-अलग राज्यों को लेकर चुनावी रणनीति बनाने में जुटी है। इस बीच खबर है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जनवरी को बेतिया शहर के रमन मैदान में एक रैली को संबोधित करके बिहार के चंपारण से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत कर सकते हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी बिहार में सड़कों और पुलों सहित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

रिपोर्ट

बिहार में जनवरी और फरवरी में होगी कई चुनावी रैलियां

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट्स के अनुसार, भाजपा ने बिहार में 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए व्यापक योजनाएं बनाई हैं, जिसका लक्ष्य राज्य की सभी 40 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करना है। प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जनवरी और फरवरी के दौरान बिहार में कई रैलियों को संबोधित करने वाले हैं। प्रमुख चुनावी रैलियां 15 जनवरी के बाद होने की उम्मीद है, जब सभी चुनाव प्रचार प्रतिबंध हटा दिए जाएंगे।

मोदी

प्रधानमंत्री मोदी बिहार में 3 रैलियों को करेंगे संबोधित 

प्रधानमंत्री मोदी बिहार के बेगूसराय, बेतिया और औरंगाबाद में 3 रैलियों को संबोधित करने वाले हैं। इसी तरह, गृह मंत्री शाह के जनवरी और फरवरी के दौरान सीतामढ़ी, मधेपुरा और नालंदा में जनसभाओं को संबोधित करने की उम्मीद है। पार्टी अध्यक्ष नड्डा कई जगहों पर रैलियां कर सकते हैं, जिसमें राज्य के सीमांचल और पूर्वी इलाकों पर फोकस रहेगा। बता दें कि भाजपा के लिए पिछले चुनाव के मुकाबले इस चुनाव में बिहार में राजनीतिक परिदृश्य बिल्कुल अलग है।

चुनाव

मुख्यमंत्री नीतीश ने विपक्षी गठबंधन INDIA में निभाई अहम भूमिका 

बिहार में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के महागठबंधन की सरकार है। पिछले लोकसभा चुनाव के बाद JDU ने भाजपा के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से नाता तोड़ दिया था और अब वह विपक्षी पार्टियों के गठंबधन INDIA का हिस्सा हैं। चुनाव से पहले बिहार के मुख्यमंत्री और JDU प्रमुख नीतीश कुमार ने सभी विपक्षी पार्टियों को भाजपा के खिलाफ एकजुट करने अहम भूमिका निभाई है, जो भाजपा के साथ पिछले NDA गठबंधन में बड़े बदलाव का प्रतीक है।

चुनाव

पिछले चुनाव में NDA गठबंधन की हुई थी एकतरफा जीत 

पिछले लोकसभा चुनाव में बिहार में NDA गठबंधन को 40 में से 39 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस ने एक सीट जीती थीं। इस बार के चुनाव में सभी सीटों पर NDA और INDIA गठंबधन के बीच कड़ा मुकाबला रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी फिर से भाजपा के चुनावी अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं और पार्टी ने बिहार में संगठन की कमान सम्राट चौधरी को सौंपी है। राज्य एक महत्वपूर्ण चुनावी मुकाबले के लिए तैयार हो रहा है।