Loading...
केंद्र ने लोकसभा-राज्यसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया, 30 नवंबर और 2 दिसंबर को बैठक
केंद्र ने लोकसभा-राज्यसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया

केंद्र ने लोकसभा-राज्यसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया, 30 नवंबर और 2 दिसंबर को बैठक

लेखन गजेंद्र
Nov 26, 2026
07:38 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन को पत्र लिखा है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार ने अनुरोध किया है कि आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा को सोमवार, 30 नवंबर को और राज्यसभा को बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को फिर से बुलाया जाए। इसके बाद दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है।

विशेश सत्र

अलग-अलग शुरू होगी दोनों सदनों की बैठक

रिजिजू ने गुरुवार को एक्स पर लिखा, 'सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से अनुरोध किया है कि वे आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा को सोमवार, 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा को बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को फिर से बुलाएं। कामकाज की जरूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है।'

बता दें कि अमूमन लोकसभा और राज्यसभा एकसाथ शुरू होती हैं, लेकिन इस बार अलग-अलग शुरू होगी।

सत्र

अभी भी जारी है मानसून सत्र

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था, जो 13 अगस्त को समाप्त हुआ, लेकिन अभी तक सत्रावसान नहीं हआ था।

ऐसे में एक दिवसीय सत्र बुलाकर इसका सत्रावसान किया जाएगा, इसके बाद शीतकालीन सत्र बुलाने की संभावना है।

एक दिवसीय सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा विधेयक पेश हो सकता है, जिसे सरकार ने 17 अप्रैल को बजट सत्र के दौरान पेश किया था, लेकिन दोनों विधेयक विपक्षी गठबंधन के कारण गिर गए थे।

ADVERTISEMENT

चर्चा

परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक की चर्चा शुरू

एक दिवसीय सत्र की जानकारी सामने आते ही संविधान संशोधन विधेयक की चर्चा शुरू हो गई है, जिसमें परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक शामिल है।

इसके तहत लोकसभा की सदस्य संख्या 850 तक बढ़ेगी और 2029 के आम चुनावों से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का रास्ता साफ हो जाएगा।

संविधान संशोधन के लिए 2 तिहाई यानी 360 सीटों की आवश्यकता है, जिसके लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) विपक्षी पार्टियों को साध रही है।

ADVERTISEMENT

जानकारी

मानसून सत्र का बना रिकॉर्ड

मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था, लेकिन यह पिछले 100 से अधिक दिनों से बिना सत्रावसान चल रहा है। ऐसे में इसने 2008 के 87 दिनों के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

सत्र

कब शुरू होगा शीतकालीन सत्र?

केंद्र सरकार ऐसे समय पर सत्रावसान करने जा रही है, जब शीतकालीन सत्र बुलाने का समय है। ऐसे में विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है।

सरकार को मौजूदा सत्र की विस्तारित बैठक के लिए 2 दिनों के नोटिस की आवश्यकता है, जबकि नए सत्र के लिए 14 दिनों का नोटिस जरूरी है।

लोकसभा सत्र 30 नवंबर को है, जिसकी जानकारी सरकार ने 3 दिन पहले दी है। संभावना है कि शीतकालीन सत्र 20 दिसंबर के बाद शुरू हो सकता है।

ADVERTISEMENT