LOADING...
#NewsBytesExplainer: विपक्षी गठबंधन INDIA बनने से पहले ही बिखरा? जानें किस राज्य में क्या स्थिति
INDIA गठबंधन को ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल ने बड़ा झटका दिया है

#NewsBytesExplainer: विपक्षी गठबंधन INDIA बनने से पहले ही बिखरा? जानें किस राज्य में क्या स्थिति

लेखन आबिद खान
Jan 25, 2024
07:39 pm

क्या है खबर?

विपक्षी गठबंधन INDIA बनने से पहले ही बिखरता नजर आ रहा है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन करने से इनकार कर दिया है। पंजाब में भी आम आदमी पार्टी (AAP) ने सभी सीटों पर अकेले लड़ने का ऐलान कर दिया है। बिहार में भी नीतीश कुमार गठबंधन को छोड़ने की तैयारी में हैं। आइए समझते हैं कि किन राज्यों में गठबंधन के कैसे हालात हैं।

बंगाल

पश्चिम बंगाल: TMC अकेले लड़ेगी चुनाव

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा है कि उनकी पार्टी अकेले ही बंगाल की सभी 42 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। ममता ने कहा, "कांग्रेस पार्टी के साथ मेरी कोई चर्चा नहीं हुई। मैंने हमेशा कहा है कि बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे।" हाल ही में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के ममता को लेकर विवादित बयानों से कयास लगाए जा रहे थे कि TMC-कांग्रेस में गठबंधन नहीं हो पाएगा।

पंजाब

पंजाब में एकला चलो की राह पर AAP

AAP ने कहा है कि वो पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी और सभी 13 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, "पार्टी ने पंजाब की 13 लोकसभा सीटों के लिए 40 उम्मीदवारों का चयन किया है। हम उम्मीदवारों को नामों के चयन को अंतिम रूप देने से पहले राज्य में एक सर्वे करवा रहे हैं। पंजाब में हम कांग्रेस से साथ कोई गठबंधन नहीं करेंगे।"

दिल्ली

दिल्ली में AAP-कांग्रेस में बन सकती है सहमति

पंजाब के उलट दिल्ली में AAP और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन सकती है। दोनों पार्टी के नेता इस संबंध में चर्चा के लिए 2 बार मिल चुके हैं और सूत्रों का कहना है कि बातचीत सकारात्मक हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, AAP उत्तर-पूर्व, चांदनी चौक, उत्तर-पश्चिम और पश्चिम सीट पर चुनाव लड़ सकती है। कांग्रेस के खाते में पूर्व, नई दिल्ली और दक्षिण सीट आ सकती हैं।

यूपी

उत्तर प्रदेश में कैसी है स्थिति?

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (SP) गठबंधन में 65 सीटों की मांग कर रही है और कांग्रेस भी 25 सीटें मांग रही हैं। इस बीच अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के साथ गठबंधन का ऐलान कर दिया है। RLD को 7 सीटें मिल सकती हैं। अखिलेश यहां बड़े भाई की भूमिका चाहते हैं और कोशिश कर रहे हैं कि RLD-कांग्रेस 15 सीटों पर मान जाएं। उत्तर प्रदेश में स्थिति स्पष्ट नहीं है।

बिहार

बिहार: नीतीश कुमार ने बढ़ाई अटकलें

INDIA गठबंधन के अगुवा रहे नीतीश कुमार ने ही बिहार में गठबंधन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चर्चाएं तो यहां तक हैं कि नीतीश गठबंधन छोड़ दोबारा भाजपा के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में जा सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस संबंध में नीतीश की भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत हो चुकी है और जल्द ही इसका ऐलान हो सकता है। ऐसा हुआ तो राज्य में INDIA में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ही बचेंगे।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र: कांग्रेस, शिवसेना (UBT) और शरद पवार में तनातनी

कांग्रेस महाराष्ट्र की 48 में से 23 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रही है। शिवसेना (UBT) का कहना है कि 2019 में उसने 23 में से 18 सीटें जीती थीं, इसलिए वो 23 से ज्यादा और 18 से कम सीटें नहीं लेगी। शरद पवार संगठन की मजबूती का हवाला देकर पश्चिम महाराष्ट्र की 11 सीटें मांग रहे हैं। कम से कम 3 सीटें ऐसी हैं, जिस पर शिवसेना (UBT) और कांग्रेस दोनों दावे कर रहे हैं।

राज्य

बाकी राज्यों में क्या है हाल?

गुजरात, हरियाणा और गोवा में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ती आ रही है, लेकिन अब AAP ने यहां भी सीटें मांगी हैं। कहा जा रहा है कि इस पर कांग्रेस सहमत भी हुई है। अगर कांग्रेस यहां AAP को सीटें नहीं देती है तो दिल्ली में पेंच फंस सकता है। हरियाणा में AAP को 2-3 सीटें मिल सकती हैं। दक्षिण के राज्यों में INDIA गठबंधन को ज्यादा परेशानी नहीं आनी है क्योंकि यहां कांग्रेस का प्रदर्शन ठीक रहा है।