जेरोधा ने काइट टर्मिनल मोड का बीटा वर्जन किया पेश, जानिए क्या मिलेगी सुविधा
क्या है खबर?
जेरोधा ने काइट पर बीटा परीक्षण के तहत नया टर्मिनल मोड पेश किया है, जिससे यूजर अपने ट्रेडिंग स्क्रीन लेआउट को कस्टमाइज कर एक ही इंटरफेस के भीतर कई टूल का उपयोग कर सकते हैं। इसकी मदद से ट्रेडर मार्केटवॉच, चार्ट, ऑर्डर बुक और पोजीशन जैसे पैनल को स्क्रीन पर कहीं सेट कर सकते हैं। इसमें एकसाथ कई पेज खोलने, उन्हें आस-पास या एक के ऊपर एक रखने और पसंद के अनुसार विजेट का आकार बदलने की सुविधा होगी।
टूल्स
अब काइट में जोड़े गए कई टूल
कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य स्क्रीन पर खासकर बड़े मॉनिटर वाले यूजर्स के लिए अनावश्यक जगह को कम करना है। इस अपडेट के साथ कई ऐसे टूल- मार्जिन कैलकुलेटर, ब्रोकरेज कैलकुलेटर और आर्थिक कैलेंडर, जो पहले केवल जेरोधा वेबसाइट पर उपलब्ध थे, अब सीधे काइट में जोड़ दिए गए हैं। जेरोधा के संस्थापक नितिन कामथ ने एक्स पर इसके लॉन्च की घोषणा करते हुए कहा कि कंपनी परीक्षण चरण के दौरान यूजर्स से प्रतिक्रिया मांग रही है।
फायदा
इस अपडेट से ये भी होंगे फायदे
ऑनलाइन ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म ने ऑर्डर बुक, पोजीशन, होल्डिंग्स और ऑप्शन चेन सहित प्रमुख सेक्शंस को नया रूप दिया है, ताकि वे टर्मिनल मोड में एडजेस्टेबल विजेट के रूप में कार्य कर सकें। यूजर अव्यवस्था से बचने के लिए प्रदर्शित होने वाले विजेट्स का चयन कर सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म यूजर्स को 10 तक कस्टमाइज्ड वर्कस्पेस सेव करने, उनके बीच तुरंत स्विच करने और लेआउट को दूसरों के साथ शेयर करने की सुविधा भी देता है।