स्पॉटिफाई ने 'अबाउट द साॅन्ग' फीचर लॉन्च किया, गाने से जुड़ी कहानी बताएगा
क्या है खबर?
स्पॉटिफाई ने एक नया 'अबाउट द साॅन्ग' फीचर लॉन्च किया है, जिससे यूजर सुने जा रहे गाने के पीछे की कहानियों को जान सकेंगे। यह सुविधा छोटी कहानियों वाले कार्ड दिखाता है, जिन्हें स्वाइप करके देख सकते हैं और थम्स-अप या थम्स-डाउन से रेटिंग दे सकते हैं। कंपनी का कहना है कि ये छोटी, स्वाइप करने योग्य कहानियां थर्ड-पार्टी के सोर्स से ली गई हैं, ताकि दिलचस्प जानकारी और पर्दे के पीछे के पलों को उजागर किया जा सके।
उपलब्धता
फीचर अभी कहां होगा उपलब्ध?
यह एक ऐसा फीचर है, जो ऐपल म्यूजिक जैसे प्रतिद्वंद्वी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं है, जिसे अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, आयरलैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में प्रीमियम यूजर्स के लिए अंग्रेजी में मोबाइल पर बीटा वर्जन में पेश किया है। 'नाउ प्लेइंग' स्क्रीन के माध्यम से इस सुविधा का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए ट्रैक पर 'अबाउट द साॅन्ग' कार्ड ढूंढने के लिए नीचे स्क्रॉल करना होगा, जिसके बाद ट्रैक के पीछे की कहानी जानने के लिए स्वाइप कर सकते हैं।
तर्क
फीचर लाने के पीछे क्या है तर्क?
स्पॉटिफाई ने एक ब्लॉग पोस्ट में लिखा "संगीत प्रेमियों को यह अहसास जरूर होता है कि कोई गाना आपको मंत्रमुग्ध कर देता है और आप तुरंत उसके बारे में और जानना चाहते हैं।" इसमें आगे बताया कि वे यह जानना चाहते हैं कि इसे बनाने की प्रेरणा कहां से मिली और इसके पीछे क्या अर्थ है? कंपनी का मानना है कि किसी गाने के पीछे की कला और संदर्भ को समझने से उसके साथ जुड़ाव और गहरा हो सकता है।