Page Loader
INDIA गठबंधन बिखरा, ममता के बाद AAP ने किया पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान
AAP ने पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है

INDIA गठबंधन बिखरा, ममता के बाद AAP ने किया पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान

लेखन नवीन
Jan 24, 2024
04:58 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनावों से पहले ही INDIA गठबंधन बिखरता नजर आ रहा है। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) ने अकेले ही सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। पार्टी ने अपने बयान में कहा है कि वह पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी और सभी 13 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख ममता बनर्जी राज्य में अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान

मुख्यमंत्री मान बोले- पंजाब में कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं

बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, "पार्टी ने पंजाब की 13 लोकसभा सीटों के लिए 40 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया है। हम उम्मीदवारों को नामों के चयन को अंतिम रूप देने से पहले राज्य में एक सर्वे करवा रहे हैं।" उन्होंने कहा, "पंजाब में हम कांग्रेस से साथ कोई गठबंधन नहीं करेंगे। हमारा कांग्रेस से कोई संबंध नहीं है। लोकसभा चुनाव में पार्टी राज्य की सभी 13 सीटों पर जीत हासिल करेगी।"

ट्विटर पोस्ट

सुनिए क्या बोले मुख्यमंत्री मान?

तकरार

AAP की राज्य इकाई ने गठबंधन का किया विरोध

खबर है कि पंजाब AAP के कई नेता लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से साथ AAP के गठबंधन पर असहमत थे क्योंकि 2022 विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। इसके अलावा INDIA में शामिल होने से पहले पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब में कई सावर्जनिक मंचों से अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने और जीतने की बात कहते आए हैं। अब पार्टी ने आधिकारिक तौर पर अकेले ही सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

जानकारी

पिछले चुनाव में क्या थी स्थिति?

2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने राज्य में 8 सीटें जीती थीं, जबकि AAP के हिस्से केवल एक सीट आई थी। 2022 के विधानसभा चुनाव में AAP ने पंजाब में 117 सीटों में 92 सीटें जीतीं और उसका वोट शेयर बढ़कर 42.4 प्रतिशत हो गया।

दिल्ली में क्या होगा

दिल्ली में गठबंधन का क्या होगा?

पंजाब के अलावा दिल्ली में भी AAP सत्ता में है। यहां पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन को तैयार है, लेकिन यहां की कुल 7 लोकसभा सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच अभी कोई फॉर्मूला तैयार नहीं हुआ है। कांग्रेस की राष्ट्रीय गठबंधन समिति और AAP नेताओं के बीच दिल्ली में सीटों के बंटबारे को लेकर बैठक भी हो चुकी है। अभी तक दोनों ही पार्टियों ने एकजुटता की बात दोहराई है।

गठबंधन में फूट

AAP से पहले TMC ने भी कांग्रेस से किया किनारा

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ TMC ने भी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से साथ गठबंधन से इनकार किया है। इसके बाद पंजाब में AAP के अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान से कांग्रेस को एक ओर बड़ा झटका लगा है। विपक्षी गठबंधन INDIA में सीट बंटबारे को लेकर अभी भी सहमति नहीं बन पाई है। उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और दिल्ली में कई पार्टियां कांग्रेस पर हावी हैं। चुनावी रण से पहले ही विपक्षी गठबंधन धीरे-धीरे बिखरता नजर आ रहा है।