LOADING...
चंद्रबाबू नायडू के बेटे ने बताया पिता की जान को खतरा, बोले- नुकसान पहुंचाया जा रहा
नारा लोकेश ने चंद्रबाबू नायडू की जान को खतरा बताया है

चंद्रबाबू नायडू के बेटे ने बताया पिता की जान को खतरा, बोले- नुकसान पहुंचाया जा रहा

लेखन आबिद खान
Oct 13, 2023
05:30 pm

क्या है खबर?

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के नेता चंद्रबाबू नायडू इस वक्त जेल में बंद हैं। अब उनके बेटे और TDP महासचिव नारा लोकेश ने अपने पिता की जान को खतरा बताया है। लोकेश ने कहा कि अगर उनके पिता को कोई नुकसान पहुंचता है तो इसके जिम्मेदार जगन मोहन रेड्डी होंगे। नायडू की पत्नी ने भी उनके स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए कहा कि जेल में उनका वजन कम हो गया है।

बयान

क्या बोले लोकेश? 

सोशल मीडिया साइट एक्स पर लोकेश ने लिखा, 'पूर्व मुख्यमंत्री और TDP प्रमुख नायडू की जान को खतरा है। उन्हें जानबूझकर नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उनकी सुरक्षा खतरे में है। वे गंभीर स्थिति का सामना कर रहे हैं, मच्छरों से परेशान हैं, दूषित पानी पी रहे हैं, वजन कम हो रहा है और समय पर इलाज नहीं मिल रहा है। आंध्र प्रदेश सरकार उन्हें स्टेरॉयड देने की कोशिश कर रही है।'

पत्नी

पत्नी और बहू ने भी जताई चिंता

नायडू की पत्नी भुवनेश्वरी ने एक्स पर लिखा, 'मैं अपने पति की भलाई के लिए चिंतित हूं, क्योंकि जेल में रहने के दौरान सरकार उन्हें समय पर चिकित्सा देखभाल प्रदान करने में विफल रही है। उनका वजन पहले ही 5 किलो कम हो चुका है।' नायडू की बहू ब्राह्मणी ने लिखा, 'उनका वजन 5 किलो कम हो गया है और अतिरिक्त वजन घटने से उनकी किडनी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। हम उनके बारे में बहुत चिंतित हैं।'

Advertisement

अमित शाह

लोकेश ने गृह मंत्री से समक्ष भी उठाया था सुरक्षा का मुद्दा

लोकेश ने 11 अक्टूबर को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। तब लोकेश ने शाह से अपने पिता की सुरक्षा को लेकर बात की थी। मुलाकात के बाद लोकेश ने कहा था, 'माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात की और उन्हें आंध्र प्रदेश में युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (YSRCP) सरकार द्वारा राज्य मशीनरी के दुरुपयोग, प्रतिशोध की राजनीति और उस जेल की भयावह स्थिति से अवगत कराया, जहां नायडू की जान को खतरा है।'

Advertisement

जमानत

आंगलू हिंसा मामले में नायडू को मिली अग्रिम जमानत

आज ही नायडू को आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट ने अंगालू हिंसा मामले में अग्रिम जमानत दी है। इस मामले में हाई कोर्ट ने 12 अक्टूबर को सुनवाई पूरी कर ली थी और फैसला सुरक्षित रख लिया था। अंगालू हिंसा मामला एक रैली से जुड़ा है, जिसमें पथराव हुआ था। आज ही आंध्र प्रदेश पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि वो फाइबरनेट मामले में नायडू को 18 अक्टूबर तक गिरफ्तार नहीं करेगी।

प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

नायडू फिलहाल आंध्र प्रदेश राज्य कौशल विकास निगम (APSSDC) से जुड़े घोटाले में जेल में बंद हैं। आरोप है कि TDP सरकार ने परियोजना शुरू होने के 3 महीने के भीतर 371 करोड़ रुपये जारी किए थे। इनमें से परियोजना पर करीब 130 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि 241 करोड़ रुपये कथित तौर पर कम से कम 5 शेल कंपनियों को भेजे गए। अपराध जांच विभाग (CID) ने 9 दिसंबर, 2021 को इस मामले में FIR दर्ज की थी।

Advertisement