गुजरात: महाशिवरात्रि जुलूस में आग वाले करतब की चपेट में आया श्रद्धालु, जलकर मौत
क्या है खबर?
गुजरात के दाहोद में महाशिवरात्रि के जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहां आग का करतब दिखाते समय एक श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी जलकर मौत हो गई। घटना के बाद जुलूस में भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। किसी तरह लोगों ने बुजुर्ग के शरीर में लगी आग को बुझाई और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रमनभाई राठौड़ के रूप में हुई है।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को गरबाड़ा में शिवयात्रा का आयोजन किया गया था। इसमें एक समूह करतब दिखाने के लिए बुलाया गया। करतब देखने के लिए रमनभाई भी पहुंचे थे। तभी करतब दिखाने वाले ने पेट्रोल छिड़ककर एक गोला बनाया और उसमें आग लगा दी। करतब दिखाने से पहले ही व्यक्ति के हाथ से पेट्रोल का डिब्बा गिर गया, जिससे आग ने भीषण रूप ले लिया और नजदीक खड़े रमनभाई उसकी चपेट में आ गए।
जांच
दमकलकर्मियों की लापरवाही भी सामने आई
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रमनभाई को आग ने पूरी तरह घेर लिया। उनको लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी जल चुके थे। उन्हें दाहोद के जिडस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 12 घंटे बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना का भयावह वीडियो भी सोशल मीडिया पर आया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में दमकलकर्मियों की लापरवाही भी सामने आई है, जिन पर मौके पर सुरक्षा के न्यूनतम उपाय अपनाने का आरोप है।