सर्वम ने पेश किया देश का पहला स्मार्ट चश्मा, स्वदेशी तकनीक से विकसित
क्या है खबर?
भारतीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप सर्वम AI ने इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में 'सर्वम काजे' स्मार्ट ग्लासेज पेश करके वियरेबल डिवाइस के क्षेत्र में कदम रखा है। दावा किया गया है कि यह पहला मेड इन इंडिया AI वियरेबल गैजेट है। इसका डिजाइन और निर्माण भारत में ही किया गया है। यह सुनता है, समझता है, प्रतिक्रिया देता है और देखी गई चीजों को कैप्चर करता है। सर्वम प्लेटफॉर्म के साथ इसके लिए अनुकूलित अनुभव बना सकते हैं।
योजना
चैट मॉडल लाने की भी योजना
सर्वम AI के सह-संस्थापक प्रत्युष कुमार ने CNBC-TV18 को बताया कि कंपनी इस सप्ताह के दौरान एक चैट मॉडल लॉन्च करने की भी योजना बना रही है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी पहनने योग्य अंगूठियों से संबंधित कुछ नया लॉन्च करने की योजना बना रही है। स्टार्टअप ने 15 फरवरी को सर्वम अक्षर भी लॉन्च किया, जिससे जटिल दस्तावेजों का विश्वसनीय डिजिटलीकरण संभव हो पाता है। यह सर्वम विजन मॉडल पर आधारित है।
उद्देश्य
क्या है कंपनी की मंशा?
प्रत्युष कुमार ने एक्स (पहले ट्विटर) पर कहा था कि उनका लक्ष्य कुशल, गोपनीय और हर जगह सुलभ AI बनाना है। यह दृष्टिकोण उनके उन शोध प्रयासों से उपजा है, जिनमें बड़े मॉडल्स की सटीकता बनाए रखते हुए कम मेमोरी और कंप्यूटिंग क्षमता वाले मॉडल बनाने पर जोर दिया गया है। इस स्टार्टअप ने भारत-केंद्रित कार्यों में OpenAI के ChatGPT और गूगल के जैमिनी जैसे वैश्विक AI मॉडल्स को भी पीछे छोड़ने का दावा किया है।