फरहान अख्तर और रणवीर सिंह के बीच का विवाद सुलझाएंगे आमिर खान, की ये पहल
क्या है खबर?
फरहान अख्तर और रणवीर सिंह के बीच का विवाद गर्माता जा रहा है। मामला फिल्म 'डॉन 3' से जुड़ा हुआ है जिसे रणवीर ने अचानक बीच में ही छोड़ दिया। फरहान की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने 40 करोड़ रुपये मुआवजा चुकाने की मांग की, जिसे रणवीर ने ठुकरा दिया। उन्होंने तर्क दिया कि इंडस्ट्री में अक्सर फिल्में बनती और बंद होती रहती हैं। वह मुआवजा देने के जिम्मेदार नहीं हैं। अब विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी आमिर खान ने उठाई है।
बैठक
आमिर के घर रखी गई सुलह बैठक
ई-टाइम्स ने HT सिटी के हवाले से बताया कि आमिर के घर पर एक बैठक आयोजित हुई थी। इसमें फरहान, रितेश सिधवानी के प्रोडक्शन हाउस और रणवीर के बीच चल रहे विवाद का समाधान खोजने की कोशिश हुई। सूत्र ने बताया, "आमिर, रणवीर और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच के मुद्दों को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों के बीच कुछ अनसुलझे मुद्दे हैं, जिन पर लोगों का ध्यान गया है। उनके घर पर हुई बैठकें इसी उद्देश्य से हैं।"
वजह
इस कारण 'डॉन 3' से दूर हुए रणवीर
रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर ने सही स्क्रिप्ट न मिलने के कारण 'डॉन 3' छोड़ दी। उन्होंने बताया कि निर्माता स्क्रिप्ट में कोई बदलाव करने को तैयार नहीं थे। रिपोर्ट में रणवीर द्वारा परियोजना के लिए अग्रिम भुगतान न लेने की बात भी कही गई है। उधर निर्माताओं का कहना है कि रणवीर के पीछे हटने से उन्हें नुकसान हुआ है। उन्होंने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर रकम खर्च की थी। अब देखना होगा कि क्या आमिर इस विवाद को सुलझा पाएंगे।