LOADING...
अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन में मनोज तिवारी घायल, अस्पताल में भर्ती
अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन में मनोज तिवारी घायल

अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन में मनोज तिवारी घायल, अस्पताल में भर्ती

Oct 12, 2021
04:39 pm

क्या है खबर?

भाजपा सांसद मनोज तिवारी आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन करते वक्त घायल हो गए। उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मनोज वॉटर कैनन के प्रेशर से बैरिकेडिंग से गिर गए और घायल हो गए। उनके कान और पैर में चोट आई है। सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें समर्थकों को उनकी मदद करते हुए देखा जा सकता है।

मामला

छठ पूजा पर रोक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे मनोज तिवारी

मनोज तिवारी छठ पूजा पर रोक के दिल्ली सरकार के आदेश के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के कारण शहर में नदी किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर छठ मनाने पर पाबंदी लगा दी है। छठ बिहारियों और पूर्वांचलियों का एक बड़ा त्योहार है और भाजपा इस फैसले का जमकर विरोध कर रही है। इसी कड़ी में दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष रह चुके मनोज तिवारी ने आज केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन बुलाया था।

जानकारी

प्रदर्शन से पहले मनोज तिवारी ने सोशल मीडिया पर डाले वीडियो

आज प्रदर्शन से पहले मनोज तिवारी ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी डाले थे। किसी वीडियो में वह मौके पर पहुंचते हुए नजर आ रहे हैं तो किसी वीडियो में लोगों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील कर रहे हैं।

Advertisement

सवाल

जब सब खुल रहा है तो छठ पूजा क्यों नहीं हो सकती- मनोज

मनोज ने इस महीने की शुरूआत में भी इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा था, 'जब दिल्ली में 1.8 करोड़ लोगों को वैक्सीन लग चुकी है और साप्ताहिक बाजारों से लेकर मेट्रो, बस, थिएटर और शराब की दुकानें तक चल रही हैं तो कोविड नियमों का पालन करते हुए छठ पूजा का आयोजन क्यों नहीं किया जा सकता। अरविंदर केजरीवाल, मुझे इसका तत्काल समाधान दें।'

Advertisement

बयान

भाजपा ने कहा- धूमधाम से मनाई जाएगी छठ पूजा, नगर निगम करेंगे व्यवस्था

दिल्ली भाजपा प्रमुख आदेश गुप्ता ने भी मामले में दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। आज प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को त्योहर पर लगी रोक को हटाने के लिए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) को पत्र लिखना चाहिए। गुप्ता ने कहा कि पाबंदी के बावजूद छठ पूजा धूमधाम से मनाई जाएगी और भाजपा शासित नगर निगम इसकी व्यवस्था करेंगे। बता दें कि इस साल 8 नवंबर से छठ पूजा होगी और ये छह दिन चलेगी।

कोरोना वायरस महामारी

दिल्ली में क्या है महामारी की स्थिति?

दिल्ली में कोरोना वायरस महामारी काबू में नजर आ रही है। बीते दिन शहर में 34 नए मामले सामने आए और किसी की मौत नहीं हुई। शहर में अभी तक कुल 14,39,252 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 25,089 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या 365 है। बता दें कि दूसरी लहर के समय दिल्ली में अप्रैल-मई में स्थिति बेहद खराब हो गई थी और यहां रोजाना लगभग 28,000 मामले सामने आ रहे थे।

Advertisement