Page Loader
ममता बनर्जी बोलीं- मैंने बनाया INDIA गठबंधन, कांग्रेस-CPIM पर वोट बर्बाद मत करना
ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है

ममता बनर्जी बोलीं- मैंने बनाया INDIA गठबंधन, कांग्रेस-CPIM पर वोट बर्बाद मत करना

लेखन आबिद खान
Apr 19, 2024
05:41 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता ममता बनर्जी ने एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (CPIM) पर भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया और लोगों से इन दोनों पार्टियों को वोट नहीं देने की अपील की। ममता ने मुर्शिदाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए लोगों से कहा कि वो कांग्रेस और CPIM पर वोट बर्बाद न करें।

बयान

कांग्रेस और CPIM को न दें वोट- ममता

ममता ने कहा, "पश्चिम बंगाल में कोई INDIA गठबंधन नहीं है। मैंने विपक्षी गठबंधन INDIA के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यहां तक ​​कि गठबंधन का नाम भी मेरे द्वारा दिया गया था, लेकिन यहां पश्चिम बंगाल में CPIM और कांग्रेस भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। अगर आप भाजपा को हराना चाहते हैं तो कांग्रेस और CPIM के पक्ष में अपना वोट डालकर इसे बर्बाद न करें।"

भाजपा

ममता ने रामनवमी हिंसा को लेकर भाजपा को घेरा

ममता ने राज्य में रामनवमी पर हुई हिंसा को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "मुर्शिदाबाद में हिंसा पूर्व नियोजित थी। 19 लोग घायल हो गए। आप हथियार लेकर शोभायात्रा क्यों निकाल रहे थे? आपको हथियार रखने का अधिकार किसने दिया? आपको मस्जिद पर हमला करने का अधिकार किसने दिया? हम भाजपा को INDIA से साफ कर देंगे। दिल्ली में INDIA की सरकार बनी तो हम समर्थन करेंगे।

आरोप

ममता ने पहले भी कांग्रेस पर लगाए मिलीभगत के आरोप

ये पहली बार नहीं है कि ममता ने कांग्रेस पर भाजपा के साथ मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। पिछले साल दिसंबर में उन्होंने कहा था, "CPIM, भाजपा और कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में गठबंधन बनाया है और हमारे खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। विपक्षी गठबंधन INDIA राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का मुकाबला करेगा, जबकि बंगाल में भाजपा के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व TMC करेगी। बंगाल में केवल TMC ही भाजपा को सबक सिखा सकती है।"

पश्चिम बंगाल

बंगाल में अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं कांग्रेस-TMC

वैसे तो कांग्रेस और TMC दोनों ही INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं, लेकिन बंगाल में दोनों अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं। यहां TMC कांग्रेस को 2-3 सीटें देने को तैयार थी, लेकिन कांग्रेस ज्यादा सीटों पर अड़ी हुई थी। गठबंधन पर सहमति नहीं बनने के पीछे कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की बयानबाजी को भी वजह माना जा रहा है। वे कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर कई बार ममता पर सवाल उठा चुके हैं।