तहव्वुर राणा की नागरिकता छीनेगा कनाडा, प्रधानमंत्री कार्नी की भारत यात्रा से पहले उठाया कदम
क्या है खबर?
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी इस हफ्ते अपने पहले भारत दौरे पर आने वाले हैं। उनकी यात्रा से ठीक पहले कनाडा सरकार ने 2008 के मुंबई आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा की कनाडाई नागरिकता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कनाडाई समाचार आउटलेट ग्लोबल न्यूज ने ये जानकारी दी है। राणा पर नागरिकता के लिए आवेदन करते समय जानबूझकर गलत जानकारी देने का आरोप है।
रिपोर्ट
राणा पर गलत जानकारी देने के आरोप
ग्लोबल न्यूज ने सरकारी दस्तावेजों के हवाले से बताया है कि कनाडा के इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) ने राणा को औपचारिक रूप से बता दिया है कि वह उसकी कनाडाई नागरिकता को छीनने का इरादा रखता है। एक पत्र में IRCC ने राणा को बताया कि उसने नागरिकता के लिए आवेदन के दौरान कनाडा में अपने रहने की जगह के बारे में गलत जानकारी दी थी। उसने कनाडा से बाहर जाने की जानकारी भी जानबूझकर छिपाई।
आरोप
राणा ने सरकार से क्या झूठ बोला?
राणा ने साल 2000 में कनाडाई नागरिकता के लिए आवेदन किया था। तब उसने दावा किया था कि वह 4 साल तक ओटावा और टोरंटो में रहा था। तब राणा ने केवल 6 दिन के लिए देश से बाहर रहने की बात कही थी, लेकिन रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) को पता चला कि वह ज्यादातर समय अमेरिका के शिकागो में था। वहां उसकी कई संपत्तिया थीं और एक दुकान समेत कुछ कारोबार थे।
IRCC
IRCC बोला- आतंकवाद के आरोपों के चलते रद्द नहीं लिया गया फैसला
IRCC ने कहा है कि राणा ने 'गंभीर और जानबूझकर धोखा' दिया, जिससे अधिकारियों को यह गलतफहमी हुई कि वह नागरिकता के लिए जरूरी शर्तों को पूरा करता है। विभाग के अनुसार, नागरिकता रद्द करने की यह कार्रवाई आतंकवाद के आरोपों की वजह से नहीं, बल्कि नागरिकता आवेदन में गलत जानकारी देने के कारण की जा रही है। ये मामला अब फेडरल कोर्ट ऑफ कनाडा को सौंप दिया गया है, जो अंतिम फैसला लेगा।
जेल
फिलहाल भारत की हिरासत में है राणा
65 वर्षीय राणा अभी भारत की जेल में बंद है। उस पर मुंबई आतंकी हमले में मदद करने के आरोप में मुकदमा चलाया जाना है। इस हमले में 160 से ज्यादा लोग मारे गए थे। राणा को 10 अप्रैल, 2025 को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। राणा पर डेविड कोलमैन हेडली और लश्कर-ए-तैयबा और हरकत-उल-जिहादी इस्लामी के आतंकवादियों के साथ मिलकर मुंबई आतंकी हमलों को अंजाम देने की साजिश रचने का आरोप है।