Page Loader
ममता बनर्जी ने अल्पसंख्यकों को खुश करने के लिए किया 'ऑपरेशन सिंदूर' का विरोध- अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर लगाया बड़ा आरोप

ममता बनर्जी ने अल्पसंख्यकों को खुश करने के लिए किया 'ऑपरेशन सिंदूर' का विरोध- अमित शाह

Jun 01, 2025
06:01 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (1 जून) को पश्चिम बंगाल के दौरे पर कोलकाता में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बात करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मुस्लिम वोट बैंक को खुश करने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' और 'वक्फ संशोधन अधिनियम' का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस कदम से देश की माताओं और बहनों का अपमान हुआ है। आगामी 2026 के विधानसभा चुनावों में महिलाएं ही मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) को सबक सिखाएगी।

आरोप

मुख्यमंत्री बनर्जी ने बांग्लादेशियों के लिए खोली सीमाएं- शाह

भाजपा कार्यकर्ताओं संबोधित करते हुए गृह मंत्री शाह ने कहा, "पश्चिम बंगाल का चुनाव न केवल बंगाल का भविष्य तय करेगा, बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा को भी मजबूती देगा। ममता बनर्जी ने बांग्लादेशियों के लिए सीमाएं खोल दी हैं। वह घुसपैठ की इजाजत दे रही हैं। वह घुसपैठ नहीं रोक सकतीं।" उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार ही राज्य में घुसपैठ रोक सकती है। हमने उनसे बाड़ लगाने के लिए जमीन मांगी है, लेकिन वह सीमा पर जमीन नहीं दे रही हैं।"

ट्विटर पोस्ट

यहां सुने गृह मंत्री शाह का भाषण

दावा

पश्चिम बंगाल में 2026 में बनेगी भाजपा की सरकार- शाह

गृह मंत्री शाह ने नेताजी इंडोर स्टेडियम में दावा करते हुए कहा, "2026 में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। कई सालों तक बंगाल में कम्युनिस्टों का शासन रहा। बाद में ममता बनर्जी 'मां, माटी, मानुष' के नारे के साथ सत्ता में आईं। हालांकि, उनके नेतृत्व में राज्य में घुसपैठ, महिलाओं के खिलाफ अपराध, आपराधिक गतिविधियों में वृद्धि, बम विस्फोट और हिंदू समुदाय को प्रभावित करने वाले नैतिक मूल्यों में गिरावट देखी गई है।"

अपराध

बनर्जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद हुई सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या

शाह ने कहा, "ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। ऐसे में TMC के सत्ता से बाहर होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्याओं के पीछे जिम्मेदार लोगों को दंडित किया जाएगा। भले ही वो जमीन के नीचे छिपे हों, लेकिन उन्हें निकालकर न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।" इससे पहले गृह मंत्री ने राजारहाट में केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) का भी उद्घाटन किया।

आरोप

मुख्यमंत्री बनर्जी ने लगाया था 'ऑपरेशन सिंदूर' के राजनीतिकरण का आरोप

बता दें कि मुख्यमंत्री बनर्जी ने गत गुरुवार को केंद्र सरकार पर 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार ने विभिन्न राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में राजनीतिक लाभ लेने के लिए इस सैन्य ऑपरेशन का नाम 'ऑपरेशन सिंदूर' रखा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कितने भी प्रयास कर ले, लेकिन पश्चिम बंगाल में सत्ता हासिल नहीं कर सकती है।