Page Loader
मध्य प्रदेश: भाजपा ने शिवराज सिंह का टिकट कटने की खबरों को बताया अफवाह- रिपोर्ट
मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान का टिकट काटने की खबर को भाजपा ने अफवाह बताया

मध्य प्रदेश: भाजपा ने शिवराज सिंह का टिकट कटने की खबरों को बताया अफवाह- रिपोर्ट

लेखन गजेंद्र
Sep 26, 2023
04:04 pm

क्या है खबर?

मध्य प्रदेश में सरकार बचाने के लिए दबाव में दिख रही भाजपा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का टिकट नहीं काटेगी, बल्कि उनको किसी भी सीट से लड़ाया जा सकता है। पार्टी से जुड़े शीर्ष सूत्रों ने NDTV को बताया कि शिवराज को टिकट न दिए जाने की खबरें गलत हैं। हालांकि, चुनाव जीतने के बाद उनके मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पर शक जरूर है। दरअसल, भाजपा के शिवराज को किनारे कर चुनाव में उनका टिकट काटे जाने की खबरें थीं।

चुनाव

भाजपा की हारने वाली सीटों पर नजर

भाजपा के सूत्रों का कहना है कि पार्टी का ध्यान भाई-भतीजावाद पर अंकुश लगाना और अधिक से अधिक सीटें जीतना है। पार्टी उन सीटों पर अधिक ध्यान दे रही है, जिन सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव में उसे हार मिली थी। अभी तक भाजपा ने 230 सीटों में से 76 पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। भाजपा ने उम्मीदवारों की जो 2 सूची जारी की हैं, उनमें 3 केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को चुनाव में उतारा है।

चुनौती

कई नेता पहली बार लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

भाजपा के उम्मीदवारों की सूची में केंद्रीय मंत्रियों में नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय शामिल हैं। जबलपुर से सांसद राकेश सिंह जबलपुर पश्चिम से पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। प्रह्लाद पटेल और सीधी से सांसद रीति पाठक भी पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। आदिवासी नेता फग्गन सिंह 33 साल बाद विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। तोमर 15 साल बाद दिमनी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।