पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद हटाई ममता बनर्जी की अतिरिक्त सुरक्षा
पश्चिम बंगाल में चुनावों के बाद से ही बड़े बदलावों का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के आवासों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कम कर दी गई। कोलकाता पुलिस ने 188A हरीश चटर्जी स्ट्रीट, 121 कालीघाट रोड और 9 कैमैक स्ट्रीट के बाहर तैनात सुरक्षा व्यवस्था को कम कर दिया है। यह फैसला राज्य विधानसभा चुनावों में भाजपा की बड़ी जीत के ठीक 2 दिन बाद सामने आया है। हालांकि, संबंधित लोगों की उच्च स्तरीय Z+ सुरक्षा व्यवस्था पहले की तरह ही जारी है।
पुलिस ने बैरिकेड्स की जगह गार्डरेल्स लगा दिए
मंगलवार को पुलिस ने हरीश चटर्जी स्ट्रीट से भारी बैरिकेड्स हटा दिए और उनकी जगह गार्डरेल्स लगा दिए। साथ ही, बुधवार सुबह Z+ सुरक्षा घेरे से बाहर तैनात अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी वापस बुला लिया गया। उधर, भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 15 साल के शासन को खत्म कर दिया है और इतना ही नहीं राज्य के एडवोकेट जनरल ने भी इस्तीफा दे दिया है। इन सब से साफ है कि पश्चिम बंगाल में बड़े बदलाव आने वाले हैं।