मेट गाला 2026: करण जौहर हुए भावुक, बोले- मैं शाहरुख की वजह से यहां खड़ा हूं
क्या है खबर?
दुनिया के सबसे बड़े फैशन इवेंट मेट गाला 2026 में इस बार भी बॉलीवुड का जलवा देखने को मिला। दिग्गज फिल्म निर्माता करण जौहर ने इस प्रतिष्ठित रेड कार्पेट पर अपना शानदार डेब्यू किया और अपनी अनूठी स्टाइल से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस ऐतिहासिक मौके पर करण भावुक भी नजर आए। उन्होंने अपनी सफलता का पूरा श्रेय सुपरस्टार शाहरुख खान को देते हुए उन्हें अपना मार्गदर्शक बताया। क्या कुछ बोले करण, आइए जानते हैं।
श्रेय
करण ने शाहरुख खान को दिया अपनी सफलता का श्रेय
करण ने मेट गाला में अपनी माैजूदगी दर्ज कराने के दौरान शाहरुख के साथ अपने लंबे जुड़ाव पर बात की। उन्होंने इस पल को बेहद भावुक बताया और इसे जीवन के एक चक्र के पूरा होने जैसा अनुभव कहा। BBC से करण बोले, "मेरे करियर को संवारने में शाहरुख की बहुत बड़ी भूमिका रही है। शाहरुख के मेट गाला में शामिल होने के 1 साल बाद खुद उसी मंच पर पहुंचना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत मायने रखता है।"
आभार
"शाहरुख मेरे सफर का सबसे बड़ा हिस्सा"
करण बोले, "सच कहूं तो मेरे लिए ये बहुत भावुक कर देने वाला क्षण है। शाहरुख मेरे करियर के सफर का एक बहुत बड़ा हिस्सा हैं। मैंने अपनी शुरुआती 5 फिल्में उनके साथ की हैं और आज मैं जिस मुकाम पर खड़ा हूं, उसकी वजह वही हैं, इसलिए उनका पिछले साल यहां आना और मेरा इस साल आना, ऐसा लग रहा है जैसे जीवन का एक चक्र पूरा हो गया है।"
सहयोग
करण-शाहरुख की बेमिसाल जुगलबंदी
हिंदी सिनेमा में करण और शाहरुख की रचनात्मक साझेदारी काफी पुरानी और गहरी है। उनके सहयोग की शुरुआत करण की बतौर निर्देशक पहली फिल्म 'कुछ कुछ होता है' से हुई थी, जिसके बाद उन्होंने 'कभी खुशी कभी गम', 'कभी अलविदा ना कहना' और 'माय नेम इज खान' जैसी फिल्मों में एक साथ काम किया। करण और शाहरुख की जोड़ी ने भारतीय सिनेमा को रोमांस और पारिवारिक भावनाओं की एक नई परिभाषा दी है।
फैशन
करण ने मेट गाला में बिखेरा भारतीय संस्कृति का जलवा
मेट गाला 2026 में अपने डेब्यू के लिए करण ने मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा का डिजाइन किया हुआ खास परिधान 'फ्रेम्ड इन इटर्निटी' पहना। इसमें महान चित्रकार राजा रवि वर्मा की कलाकृतियों को पहनने योग्य कला के रूप में फिर से परिभाषित किया गया था। इस शानदार लुक को एका लखानी ने स्टाइल किया था। इस पोशाक को 80 से अधिक कारीगरों ने मिलकर पूरे 85 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद तैयार किया था।