क्या NCP के दोनों गुटों का हो रहा विलय? बैठकों, मुलाकातों और बयानबाजी के मायने
क्या है खबर?
महाराष्ट्र की सियासत में फिर हलचल तेज है। अटकलें हैं कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों का विलय हो सकता है। बीते कुछ दिनों में बैठकों, मुलाकातों और फोन कॉल ने इन अटकलों को और हवा दी है। बीते दिनों शरद पवार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर बात की थी। वहीं, महाराष्ट्र में भी NCP नेताओं के बीच कई बैठकें हुई हैं। आइए समझते हैं कि क्या दोनों गुटों का विलय होने जा रहा है।
मुलाकात
शरद से मिले प्रफुल्ल पटेल
5 नवंबर को NCP अजित पवार गुट के नेता प्रफुल्ल पटेल ने अस्पताल में भर्ती शरद से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई।
इसका एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें शरद प्रफुल्ल से कह रहे हैं कि वे 10 नवंबर के बाद मुंबई में फिर से मुलाकात कर चर्चा करेंगे।
हालांकि, प्रफुल्ल ने कहा कि वे केवल शरद के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए अस्पताल गए थे।
अमित शाह से मुलाकात
अमित शाह से NCP नेताओं की मुलाकात
प्रफुल्ल की शरद से मुलाकात के बाद अटकलें इसलिए भी बढ़ गई, क्योंकि इससे ठीक पहले NCP के कई नेताओं ने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
इस दौरान प्रफुल्ल के अलावा छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ, दिलीप वलसे पाटिल और धनंजय मुंडे शामिल थे।
इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस दौरान NCP के दोनों गुटों के विलय और फिर उसे भाजपा के नेतृत्व वाले NDA में शामिल होने पर चर्चा हुई।
बयान
तटकरे बोले- अजित पवार जिंदा होते तो विलय हो गया होता
विलय की चर्चाओं के बीच NCP अजित गुट के नेता सुनील तटकरे ने अहम टिप्पणी की।
उन्होंने कहा, "अगर अजित पवार जीवित होते तो विलय 12 फरवरी तक औपचारिक रूप से हो गया होता। अजित दादा ने व्यक्तिगत रूप से मुझे विलय की चर्चाओं और उन्हें अंतिम रूप देने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी थी।"
ये पहली बार था, जब सार्वजनिक तौर पर किसी नेता ने विलय की चर्चाओं को स्वीकार किया था।
प्रधानमंत्री का बयान
प्रधानमंत्री बोले- सुप्रिया तैयार हैं, मिलकर देश संभालेंगे
शरद जब अस्पताल में भर्ती थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर बात की।
इस दौरान कथित तौर पर प्रधानमंत्री ने शरद से कहा, "सुप्रिया सुले अब तैयार हैं और सुप्रिया और हम मिलकर देश संभालेंगे। आप आराम कीजिए।"
शरद के करीबी विट्ठल मनियार के मुताबिक, शरद ने इसके जवाब में कहा, "मैं आराम कर रहा हूं। जब आप सभी साथ हैं, तो मुझे देश की कोई चिंता नहीं है।"
बंटवारा
क्यों हुई थी NCP में टूट?
जुलाई 2023 में अजित कई विधायकों के साथ भाजपा-शिवसेना सरकार में शामिल हो गए और उपमुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद उन्होंने NCP के नाम और चुनाव चिन्हपर भी दावा किया।
फरवरी 2024 में चुनाव आयोग ने अजित के गुट को असली NCP करार दिया। शरद गुट को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (NCP-SP) नाम दिया गया।
इस तरह अजित का गुट भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार का हिस्सा बन गया, जबकि NCP (SP) विपक्षी महा विकास अघाड़ी में बनी रही।
अटकलें
पहले भी लगती रही हैं विलय की अटकलें
ये पहली बार नहीं है, जब NCP के दोनों गुटों में विलय की अटकलें सामने आई हैं। इसी साल जनवरी में खबर आई थी कि अजित दोनों गुटों का विलय करने वाले थे, जिसकी आधिकारिक घोषणा 8 फरवरी को होने वाली थी।
हालांकि, इससे पहले ही विमान हादसे में अजित का निधन हो गया और ये कथित योजना रुक गई।
जुलाई में दोबारा से विलय की अटकलों ने जोर पकड़ा था।