परिसीमन को लेकर भाजपा ने DMK और NCP(SP) को कैसे मनाया?
क्या है खबर?
केंद्र सरकार इसी साल अप्रैल में परिसीमन विधेयक लेकर आई थी, जो जरूरी बहुमत हासिल नहीं कर पाया था। अब इसे फिर से पेश किए जाने की तैयारी है। हालांकि, इस बार माना जा रहा है कि सरकार ने दो-तिहाई बहुमत जुटा लिया है। इनमें सबसे बड़ी भूमिका द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार (NCP-SP) की होने जा रही है। आइए जानते हैं भाजपा ने दोनों को कैसे मनाया।
DMK
DMK से एक साल से चल रही थी बातचीत- रिपोर्ट
NDTV के मुताबिक, सरकार ने लगभग एक साल पहले DMK से बातचीत शुरू की थी लेकिन तब DMK ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए झुकने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद सरकार ने भरोसा दिलाया कि वो लोकसभा में तमिलनाडु की हिस्सेदारी को लेकर पार्टी की चिंताओं को दूर करने के लिए तैयार है।
इससे पहले एमके स्टालिन ने विधानसभा में परिसीमन के खिलाफ प्रस्ताव पारित करवाया था और अप्रैल में विधेयक की प्रति भी जलाई थी।
चुनाव
विधानसभा चुनाव नतीजों ने बदला स्टालिन का मन?
इस बीच तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में DMK को अभिनेता थलापति विजय की पार्टी से हार का सामना करना पड़ा। उसे 54 सीटें ही मिलीं।
पार्टी इस झटके से उबर ही रही थी कि कांग्रेस ने TVK के साथ गठबंधन का ऐलान कर दिया। कांग्रेस पहले DMK के साथ थी।
इससे स्टालिन भड़क गए और उन्होंने INDIA से नाता तोड़ लिया। उनकी पार्टी ने अपने सांसदों के लिए लोकसभा में कांग्रेसी सांसदों से दूर अलग बैठक व्यवस्था की भी मांग की।
मांग
भाजपा ने DMK की 2 अहम मांगें मानीं
विधेयक को लेकर DMK ने 2 प्रमुख मांगें रखी थीं। पहली- तमिलनाडु सहित हर राज्य की लोकसभा में वर्तमान हिस्सेदारी को केवल 50 प्रतिशत की एक समान वृद्धि के साथ बरकरार रखा जाए; और दूसरी- यह संख्या अगले 25 वर्षों तक यानी साल 2051 तक स्थिर रखी जाए।
सरकार ने इन मांगों को मान लिया। इसके बाद स्टालिन ने कहा, "जिन 2 मांगों के लिए हमने विधेयक का विरोध किया था, उन्हें नए विधेयक में लिखकर शामिल किया गया है।"
NCP
NCP के दोनों गुटों का विलय चाह रही थी भाजपा
भाजपा पहले कोशिश कर रही थी कि NCP के दोनों गुटों का विलय हो और फिर वे NDA में शामिल हो। हालांकि, सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार इस पर सहमत नहीं थे।
इसके बाद भाजपा ने शरद से बातचीत जारी रखी। मानसून सत्र के दौरान शरद ने अपने सभी लोकसभा सांसदों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
इस बैठक का एजेंडा महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति बताया गया, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे परिसीमन से भी जोड़ा गया।
फोन
प्रधानमंत्री ने शरद से कहा था- मिलकर देश संभालेंगे
इस बीच शरद की तबीयत खराब हुई और वे अस्पताल में भर्ती थे। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें फोन कर हालचाल जाना।
एक वरिष्ठ NCP नेता ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने शरद से कहा था, "सुप्रिया अब तैयार हैं। हम दोनों मिलकर देश संभालेंगे। आप आराम कीजिए।"
इसके बाद अटकलें लगीं कि शरद के गुट वाली NCP NDA में शामिल हो सकती हैं और सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है।