सलमान खान से आयोग ने मांगा जवाब, 5-10 रुपये के पाउच में 4 लाख का केसर?
क्या है खबर?
अभिनेता सलमान खान फिर मुश्किलों में घिर गए हैं। राजस्थान के उपभोक्ता आयोग ने पान मसाला के कथित भ्रामक विज्ञापन मामले में उन्हें एक बार फिर नोटिस जारी किया है। इस विज्ञापन में कंपनी ने अपने उत्पाद में महंगे केसर के इस्तेमाल का दावा किया है। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि 5-10 रुपये के पाउच में 4 लाख रुपये किलो वाला केसर कैसे मिल सकता है? अब इस मामले में सलमान और कंपनी से जवाब मांगा गया है।
विज्ञापन
पान मसाला के विज्ञापन पर फंसे सलमान
राजस्थान राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने सलमान और पान मसाला बनाने वाली कंपनी को नोटिस जारी किया।
ये मामला उत्पाद के कथित भ्रामक विज्ञापन से जुड़ा है। दरअसल, विज्ञापन में पान मसाला बनाने वाली कंपनी ने अपने उत्पाद में महंगे केसर के इस्तेमाल का दावा किया था। इसी दावे को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। आयोग की सर्किट बेंच ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए यह कदम उठाया।
मामले में अब अगली सुनवाई 19 जनवरी को होगी।
शिकायत
युवाओं को नशे की ओर धकेल रहे पान मसाला के विज्ञापन?
जोधपुर के गजेंद्र कुमार की याचिका में सवाल उठाया गया है कि 5 से 10 रुपये के पान मसाला पाउच में करीब 4 लाख रुपये किलो वाला केसर कैसे मिल सकता है।
कंपनी अपने उत्पाद में केसर-इलायची का दावा कर 'जश्न का टशन' टैगलाइन से प्रचार करती है। याचिकाकर्ता का कहना है कि ऐसे विज्ञापन युवाओं को नशे की लत की ओर खींच सकते हैं और इससे मुंह के कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
मांग
सलमान के दस्तखत पर भी उठे सवाल
विज्ञापन पर सवाल उठाने के अलावा याचिकाकर्ता ने सलमान के दस्तावेजों पर किए गए दस्तखतों की असलियत पर भी शक जताया है।
उनका दावा है कि जिला उपभोक्ता आयोग में जमा सलमान के वकालतनामे और दूसरे कागजों पर मौजूद दस्तखत आपस में मेल नहीं खाते और असली नहीं हैं।
उन्होंने सलमान को खुद हाजिर होने और दस्तखतों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की थी। जिला आयोग ने यह मांग ठुकरा दी, जिसके बाद उन्होंने राज्य आयोग में याचिका लगाई।
निर्देश
पान मसाला मामले में जिला आयोग को राज्य आयोग का निर्देश
याचिकाकर्ता इससे पहले भी विज्ञापन को लेकर सलमान और पान मसाला कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।
इसके बाद दोनों को नोटिस जारी किए गए थे। अब राज्य आयोग ने जिला आयोग को निर्देश दिया है कि रिवीजन याचिका पर फैसला आने तक मूल शिकायत पर कोई निर्णय न सुनाया जाए।
हालांकि, अभी तक इस पूरे मामले पर सलमान की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।