लोकसभा में 97 सांसदों की बैठक व्यवस्था बदली, DMK-NCP(SP) सांसद अब सत्तापक्ष के पास बैठेंगे
क्या है खबर?
परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर संसद के विशेष सत्र से पहले लोकसभा में 97 सांसदों की बैठक व्यवस्था में बदलाव हुआ है। लोकसभा सचिवालय ने इसकी अधिसूचना जारी की है। द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) सांसदों को नई सीटें आवंटित की गई हैं। अब वे INDIA ब्लॉक के सांसदों से अलग बैठेंगे। बता दें कि DMK ने प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को समर्थन देने की घोषणा की है।
सांसद
DMK-NCP(SP) के सांसद अब सत्ता पक्ष के पास बैठेंगे
नई व्यवस्था के मुताबिक, DMK के 22 सांसदों अब सत्ताधारी सांसदों के नजदीक बैठेंगे। इसके अलावा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार (NCP-SP) के 8 सांसद भी सत्ताधारी सदस्यों के करीब बैठेंगे।
DMK की वरिष्ठ नेता कनिमोझी को सीट नंबर 435 से 357 पर लाया गया है, जबकि NCP(SP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले को सीट नंबर 434 की जगह अब 358 आवंटित की गई है।
दोनों की नई सीटें सत्ताधारी सांसदों के करीब हैं।
DMK
DMK ने किया था अनुरोध
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस ने DMK का साथ छोड़कर TVK के साथ सरकार बना ली थी।
इसके बाद DMK नेता कनिमोझी ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर पार्टी के लिए बैठने की व्यवस्था में बदलाव का अनुरोध किया था।
हालांकि, ताजा बदलाव की वजह परिसीमन विधेयक पर पार्टियों के रुख को माना जा रहा है, क्योंकि DMK और NCP-SP दोनों ने ही विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है।