Page Loader
प्रधानमंत्री मोदी को 'पनौती' और 'जेबकतरा' कहने पर राहुल गांधी को चुनाव आयोग का नोटिस 
प्रधानमंत्री पर विवादित टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी को चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा है

प्रधानमंत्री मोदी को 'पनौती' और 'जेबकतरा' कहने पर राहुल गांधी को चुनाव आयोग का नोटिस 

लेखन आबिद खान
Nov 23, 2023
06:26 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने बयानों को लेकर एक बार फिर विवादों में है। इस बार मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणियों से जुड़ा हुआ है। दरअसल, राहुल ने राजस्थान में चुनावी रैलियों में प्रधानमंत्री मोदी को 'पनौती' और 'जेबकतरा' कहा था। भाजपा ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग में दर्ज कराई थी। अब आयोग ने इस मामले में राहुल को नोटिस भेज 25 नवंबर तक जवाब देने को कहा है।

नोटिस

नोटिस में क्या कहा गया है?

चुनाव आयोग ने कहा, "प्रधानमंत्री की तुलना जेबकतरे से करना और पनौती शब्द का इस्तेमाल करना राष्ट्रीय राजनीतिक दल के एक बहुत वरिष्ठ नेता के लिए अशोभनीय है। इसके अलावा भाजपा द्वारा दावा किया गया है कि 9 सालों में 14 लाख करोड़ रुपये की छूट देने का आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं है।'' नोटिस में राहुल पर आदर्श आचार संहिता, भारतीय दंड संहिता (IPC) और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की कई धाराओं के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।

पनौती

राहुल ने क्या कहा था?

राजस्थान में रैली के दौरान राहुल ने क्रिकेट विश्व कप के फाइनल मुकाबले में हार का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को पनौती कहा था। उन्होंने कहा था, "अच्छा भला हमारे लड़के वहां पर विश्व कप जीत जाते, वो वहां पर पनौती ने हरवा दिया। टीवी वाले ये नहीं कहेंगे, मगर जनता जानती है।" इसके अलावा राहुल ने भाजपा सरकार के उद्योगपतियों के 14 लाख करोड़ रुपये माफ करने का दावा किया था।

राहुल

जेबकतरा कहने से संबंधित विवाद क्या है?

एक अन्य रैली में राहुल ने कहा था, "जेबकतरे कभी अकेले नहीं आते, वे 3 लोग आते हैं। एक सामने से आता है, जो आपका ध्यान भटकाता है। पीछे से दूसरा आता है, वो जेब काट देता है। तीसरा बंदा देखता है कि अगर जिसका जेब कटा, उसने आवाज की तो उस पर आक्रमण कर दे। ध्यान भटकाने वाला नरेंद्र मोदी, जेब काटने वाला अडाणी और बाद में लाठी मारने वाला अमित शाह है।"

शिकायत

भाजपा ने 22 नवंबर को की थी चुनाव आयोग से शिकायत

भाजपा ने राहुल और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दोनों पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए 22 नवंबर को चुनाव आयोग से शिकायत की थी। भाजपा ने शिकायत में कहा था, "हम निर्वाचन आयोग से अनुरोध करते हैं कि वे खड़गे और राहुल गांधी पर उनके लगातार धोखाधड़ी, आधारहीन और अपमानजनक आचरण के लिए उचित कानूनी कार्रवाई करते हुए तत्‍काल हस्‍तक्षेप करे।" आयोग कांग्रेस पार्टी और प्रियंका गांधी को भी नोटिस जारी कर चुका है।

न्यूजबाइट्स प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

राजस्थान में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। यहां भाजपा और कांग्रेस में कड़ी टक्कर मानी जा रही है। पिछले कई दिनों से प्रधानमंत्री, गृह मंत्री समेत भाजपा के कई नेता चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस की ओर से राहुल और खड़गे समेत कई दिग्गज नेता प्रचार कर रहे हैं। पिछले चुनावों में कांग्रेस ने 100 सीटें जीतकर अशोक गहलोत के नेतृत्व में सरकार बनाई थी।