LOADING...
पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर दोबारा होगा मतदान, 2 मई को डाले जाएंगे वोट
पश्चिम बंगाल में 2 मई को 15 बूथों पर दोबारा मतदान होगा (फाइल तस्वीर)

पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर दोबारा होगा मतदान, 2 मई को डाले जाएंगे वोट

लेखन आबिद खान
May 01, 2026
06:51 pm

क्या है खबर?

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया है। इन सभी बूथों पर 2 मई को वोट डाले जाएंगे। जिन बूथों पर दोबारा मतदान होना है, उनमें से 11 मगराहाट पश्चिम और बाकी 4 डाइमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के हैं। चुनाव आयोग ने कहा कि इन बूथों पर 29 अप्रैल को डाले गए वोटों को निरस्त कर दिया गया है और 2 मई को नए सिरे से मतदान होगा।

वजह

दोबारा क्यों हो रहा है मतदान?

जिन बूथों पर दोबारा मतदान हो रहा है, वहां चुनाव वाले दिन हिंसा हुई थी। इससे मतदान प्रभावित हुआ था। कुछ जगहों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में परेशानी की भी खबरें सामने आई थीं। जिन बूथों पर दोबारा मतदान होगा, उनमें मगराहाट पश्चिम का बूथ नंबर 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232 शामिल है। इसके अलावा डायमंड हार्बर के बूथ नंबर 117, 179, 194 और 243 पर भी दोबारा वोट डाले जाएंगे।

हिंसा

कुछ और बूथों पर भी हो सकता है दोबारा मतदान

29 अप्रैल को दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान के दौरान कई जगहों पर हिंसा की खबर आई थी। चुनाव आयोग को दक्षिण 24 परगना जिले के 4 विधानसभा क्षेत्रों के 77 बूथों पर दोबारा मतदान कराने की मांग मिली थी। बताया जा रहा है कि कुछ और बूथों पर भी दोबारा मतदान कराया जा सकता है। बता दें कि डायमंड हार्बर तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता अभिषेक बनर्जी का संसदीय इलाका है।

Advertisement