Loading...
क्या परिसीमन विधेयक के लिए सरकार ने जुटा लिया है जरूरी बहुमत?
परिसीमन विधेयक को लेकर क्या सरकार ने पर्याप्त संख्या बल जुटा लिया है (फाइल तस्वीर)

क्या परिसीमन विधेयक के लिए सरकार ने जुटा लिया है जरूरी बहुमत?

लेखन आबिद खान
Nov 29, 2026
05:32 pm

क्या है खबर?

संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन से जुड़े विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। इससे पहले अप्रैल में भी ये विधेयक पेश किया गया था, लेकिन तब सरकार जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सकी थी। हालांकि, उसके बाद से स्थितियां बदली हैं, कई पार्टियों में टूट हुई हैं और कुछ ने सरकार का समर्थन करने का ऐलान किया है। ऐसे में समझते हैं क्या सरकार ने बहुमत जुटा लिया है।

स्थिति

सबसे पहले लोकसभा की वर्तमान स्थिति जानिए

फिलहाल लोकसभा में 540 सांसद हैं और 3 सीटें खाली हैं।

भाजपा के पास खुद के 241 सांसद हैं और NDA में शामिल सांसदों को मिलाकर यह संख्या 320 तक पहुंचती है। ये संख्या शिवसेना और TMC के बागी सांसदों को मिलाकर है। अभी लोकसभा स्पीकर द्वारा इनके दल बदल पर फैसला लेना बाकी है।

वहीं, विपक्ष के पास 200 के आसपास सांसद हैं।

तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद कल्याण बनर्जी का निलंबन पिछले सत्र से ही जारी है।

संविधान संशोधन

विधेयक पारित कराने के लिए चाहिए दो-तिहाई बहुमत

चूंकि, परिसीमन से जुड़ा विधेयक संविधान संशोधन विधेयक है, इसलिए इसे पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। ये सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सांसदों की संख्या से तय होता है।

इसके अलावा एक और बड़ी शर्त ये है कि सदन की कुल सदस्यों की संख्या के 50 प्रतिशत से ज्यादा का समर्थन जरूरी है।

यानी अगर 543 मंजूर सीटें हैं तो 272 सांसदों का समर्थन होना चाहिए।

ADVERTISEMENT

सांसद

दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 सांसदों का समर्थन जरूरी

लोकसभा में फिलहाल 540 सांसद हैं। इस हिसाब से दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 360 होता है।

हालांकि, अगर वर्तमान 540 सांसदों में कुछ अनुपस्थित रहते हैं तो सदन में मौजूद कुल सांसदों की संख्या से दो-तिहाई बहुमत की गणना की जाती है।

उदाहरण के लिए, जब अप्रैल में परिसीमन विधेयक पर मतदान हुआ, तो 528 सांसदों ने वोट दिया। इस आधार पर दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 352 पर आ गया।

ADVERTISEMENT

सरकार

फिलहाल सरकार के पास कितने सांसद हैं?

सरकार विधेयक के लिए द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद (NCP-SP) और YSRCP जैसी पार्टियों पर निर्भर है।

लोकसभा में DMK के 22, NCP-SP के 8 और YSRCP के 4 सांसद हैं। अगर ये सभी विधेयक के समर्थन में मतदान करते हैं, तो NDA के पास 354 सांसदों का समर्थन होगा। हालांकि, ये भी जरूरी बहुमत से 6 कम है।

इन तीनों पार्टियों ने सरकार का समर्थन करने का ऐलान किया है।

समीकरण

और क्या-क्या समीकरण बन सकते हैं?

अगर DMK मतदान से दूर रहे और NCP-SP और YSRCP समर्थन करे तो NDA के पास 332 सांसद होंगे। ऐसे में कुल सांसद 518 हो जाएंगे और बहुमत का आंकड़ा 346 पर आ जाएगा। तब भी सरकार को 14 वोट और चाहिए होंगे।

अगर DMK और NCP-SP विधेयक का समर्थन करे और YSRCP मतदान से दूर रहे, तब कुल 536 सांसद मतदान में हिस्सा लेंगे। ऐसे में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 358 होगा। फिर भी 8 सासंदों की कमी होगी।

पिछली स्थिति

पिछली बार से कितनी बदल गई है स्थिति?

पिछली बार परिसीमन विधेयक के गिरने के बाद पार्टियों की संसदीय स्थिति में बड़ा बदलाव आया है।

TMC के 20 लोकसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) का दामन थाम लिया है और वे अब NDA का समर्थन करेंगे।

इसी तरह शिवसेना (UBT) के 6 लोकसभा सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए। वहीं, राघव चड्ढा समेत AAP के 7 राज्यसभा सांसदों ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है।

ADVERTISEMENT