LOADING...
दिल्ली के मुख्यमंत्री का ऐलान आज शाम में संभव, कल होगा शपथ ग्रहण समारोह
दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम आज सामने आ सकता है

दिल्ली के मुख्यमंत्री का ऐलान आज शाम में संभव, कल होगा शपथ ग्रहण समारोह

लेखन आबिद खान
Feb 19, 2025
02:32 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 11 दिन बाद आज मुख्यमंत्री का नाम सामने आ सकता है। आज शाम में दिल्ली भाजपा कार्यालय में विधायक दल की बैठक होनी है। इसमें नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा। भाजपा ने मुख्यमंत्री चयन के लिए रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ को पर्यवेक्षक बनाया है। नए मुख्यमंत्री कल यानी 20 फरवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ लेंगे।

बैठक

भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक हुई

दिल्ली में आज ही भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक हुई थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत कई लोग शामिल हुए थे। भाजपा संगठन से महामंत्री बीएल संतोष भी बैठक में थे। इसमें 2 केंद्रीय पर्यवेक्षकों के नाम तय किए गए हैं। ये केंद्रीय पर्यवेक्षक भाजपा विधायक दल की बैठक में पहुंचकर दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम का प्रस्ताव रखेंगे।

शपथ ग्रहण

कल दोपहर 12 बजे शपथ ग्रहण

दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का कल यानी 20 फरवरी को रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें बड़े उद्योगपति, कई देशों के राजनयिक, लाडली बहनें, किसान, केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थी, भाजपा कार्यकर्ता, रिक्शा चालक समेत कई लोगों को आमंत्रित किया गया है। रामलीला मैदान में 30,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। 3 बड़े स्टेज बनाए गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आतिशी को भी न्योता भेजा गया है।

दावेदार

मुख्यमंत्री के लिए ये नाम रेस में

मुख्यमंत्री पद के लिए बवानी से विधायक रविंद्र इंद्रराज सिंह, ग्रेटर कैलाश से विधायक शिखा राय, नई दिल्ली से विधायक प्रवेश वर्मा, रोहिणी से विधायक विजेंद्र गुप्ता और आदर्श नगर से राजकुमार भाटिया के नामों की चर्चा है। माना जा रहा है कि भाजपा समीकरण साधने के लिए 2 उपमुख्यमंत्री भी बना सकती है। दिल्ली मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 7 मंत्री हो सकते हैं। चर्चा है कि सभी सातों लोकसभा सीटों से एक-एक विधायक को मंत्री बनाया जा सकता है।

सुरक्षा

शपथ ग्रहण को लेकर सुरक्षा के सख्त इंतजाम

रामलीला मैदान और उसके आसपास 5,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। अर्धसैनिक बलों की 10 से ज्यादा कंपनियां भी तैनात की जाएंगी। कई स्तर की बैरिकेडिंग भी की गई है। 2,500 से ज्यादा जगहों पर कमांडो, क्विक रिएक्शन टीम, PCR वैन, तोड़फोड़ निरोधक जांच दल और SWAT टीमें तैनात की जाएंगी। SPG ने एक दिन पहले ही रामलीला मैदान को अपने कब्जे में ले लिया है। दिल्ली पुलिस ने एडवायजरी भी जारी की है।

परिणाम

क्या रहे थे दिल्ली चुनावों के नतीजे?

दिल्ली चुनावों में भाजपा ने 48 और AAP ने 22 सीटें जीती हैं। कांग्रेस को पिछली बार की तरह इस बार भी एक भी सीट नहीं मिली है। AAP के कई बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मंत्री सत्येंद्र जैन, सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं को हार का मुंह देखना पड़ा है। इसी के साथ 27 साल बाद भाजपा दिल्ली में सरकार बना रही है।