परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी NCP-SP, कांग्रेस ने याद दिलाई 'कुर्बानी'
क्या है खबर?
परिसीमन विधेयक के लिए केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। खबरें हैं कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार (NCP-SP) इस विधेयक का समर्थन कर सकती है। इसे लेकर कांग्रेस ने NCP-SP पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा कि इस साल की शुरुआत में उसने शरद पवार को फिर से राज्यसभा भेजे जाने के लिए सीट पर अपना दावा छोड़ दिया था। कांग्रेस ने पूछा कि उसने ये कुर्बानी किसके लिए दी थी।
बयान
कांग्रेस बोली- शरद को राज्यसभा भेजने के लिए मजबूती से साथ दिया
महाराष्ट्र कांग्रेस ने कहा, 'कांग्रेस ने 85 साल की उम्र में शरद को फिर से राज्यसभा भेजने के लिए अंत तक उनका मजबूती से साथ दिया। मार्च 2026 में महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने थे। NCP-SP के पास केवल 10 विधायक थे। चुनाव जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। कांग्रेस के पास 16 विधायक थे, जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे।'
राज्यसभा
शरद के लिए हमने अपनी सीट पर दावा छोड़ा- कांग्रेस
कांग्रेस ने आगे कहा, 'सुप्रिया सुले ने शरद की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेताओं से समर्थन मांगा। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे बिना किसी हिचकिचाहट के मान गए। कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया और शरद की उम्मीदवारी का समर्थन किया। इसके बाद शिवसेना (UBT) ने भी उनका समर्थन किया और महाविकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी पर मुहर लगा दी। और अब वही शरद, सुप्रिया और उनकी NCP-SP भाजपा सरकार का समर्थन करने जा रहे हैं।'
समर्थन
NCP-SP करेगी विधेयक का समर्थन
NCP SP नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि पार्टी प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी। उन्होंने शरद के साथ चर्चा के बाद इसे एक संवैधानिक जरूरत बताया।
उन्होंने कहा, "आम तौर पर यह बात कही जा रही थी कि परिसीमन प्रक्रिया एक संवैधानिक जरूरत है। हमने इसका समर्थन करने का फैसला किया है और हम सच में इसका समर्थन करेंगे। हम परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगे।"
सुप्रिया सुले
INDIA की बैठक से गायब रह सकती हैं सुप्रिया सुले
विपक्षी गठबंधन INDIA ने परिसीमन विधेयक को लेकर रणनीति बनाने के लिए आज बैठक बुलाई है। चर्चा है कि सुप्रिया इस बैठक से दूरी बना सकती हैं। बताया जा रहा है कि सुप्रिया ने इसके पीछे अपने पिता की खराब तबीयत का हवाला दिया है।
हालांकि, अहमदनगर से सांसद नीलेश लंके बैठक में पार्टी का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
इससे पहले भी सुप्रिया ने संकेत दिए थे कि उनकी पार्टी सरकार के इस कदम का समर्थन कर सकती है।