
सनातन धर्म विवाद में अपने बेटे के पक्ष में आए मुख्यमंत्री स्टालिन, प्रधानमंत्री पर साधा निशाना
क्या है खबर?
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म को लेकर दिए विवादित बयान पर बवाल मचा हुआ है।
अब मुख्यमंत्री स्टालिन ने अपने बेटे का बचाव करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का उदयनिधि ने क्या कहा, यह जाने बिना टिप्पणी करना अनुचित है।
उन्होंने कहा "भाजपा समर्थक ताकतें दमनकारी सिद्धांतों के खिलाफ रुख बर्दाश्त नहीं कर पाती हैं। उन्होंने झूठी कहानी फैलाई कि उदयनिधि ने सनातन विचारों वाले लोगों के नरसंहार का आह्वान किया।"
बयान
स्टालिन ने कहा- भाजपा ने सोशल मीडिया पर फैलाया झूठ
मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा, "भाजपा द्वारा पोषित सोशल मीडिया भीड़ ने उत्तरी राज्यों में इस झूठ को व्यापक रूप से प्रसारित किया गया। उदयनिधि ने कभी भी तमिल या अंग्रेजी में 'नरसंहार' शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। फिर जानबूझकर झूठ फैलाया गया।"
उन्होंने कहा, "एक स्वयंभू संत ने उदयनिधि के सिर पर इनाम रख दिया। क्या उत्तर प्रदेश सरकार ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई की? इसके बजाय उन्होंने उदयनिधि के खिलाफ मामले दायर किए।"
मोदी
स्टालिन ने प्रधानमंत्री मोदी पर क्या कहा?
मुख्यमंत्री स्टालिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, "मीडिया से यह सुनना निराशाजनक है कि प्रधानमंत्री ने अपनी कैबिनेट बैठक में उल्लेख किया कि उदयनिधि की टिप्पणियों को उचित प्रतिक्रिया देने की आवश्यकता है।"
उन्होंने कहा, "किसी भी दावे या रिपोर्ट को सत्यापित करने के लिए प्रधानमंत्री के पास सभी संसाधनों तक पहुंच है, तो क्या प्रधानमंत्री उदयनिधि के बारे में फैलाए गए झूठ से अनजान होकर बोल रहे हैं या वह जानबूझकर ऐसा कह रहे हैं?"
स्टालिन
विपक्षी गठबंधन INDIA में विभाजन चाहती है भाजपा- स्टालिन
मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा, "ऐसा लग रहा है कि विपक्षी पार्टियों के INDIA गठबंधन ने प्रधानमंत्री को परेशान कर दिया है। वह डर के कारण 'एक देश, एक चुनाव' का प्रस्ताव दे रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "भाजपा सनातन में भेदभावपूर्ण प्रथाओं के बारे में चिंतित नहीं है, बल्कि इस मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रही है और अगर भाजपा को लगता है कि उसकी मंशा कामयाब हो जाएगी तो वह बड़ी गलतफहमी में है।"
बचाव
स्टालिन ने विवादित बयान पर उदयनिधि का किया बचाव
DMK के प्रमुख स्टालिन ने कहा, "कुछ लोग अभी भी आध्यात्मिक मंचों पर यह तर्क देते हुए महिलाओं को अपमानित करते हैं कि महिलाओं को काम नहीं करना चाहिए, विधवा महिलाओं को पुनर्विवाह नहीं करना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "ऐसे लोग आधी आबादी (महिलाओं) के उत्पीड़न को कायम रखने के लिए 'सनातन' शब्द का उपयोग करते हैं। उदयनिधि ने केवल ऐसी दमनकारी विचारधाराओं के खिलाफ बात की और उन विचारधाराओं पर आधारित प्रथाओं को खत्म करने का आह्वान किया था।"
जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी ने कैबिनेट बैठक में क्या कहा था?
बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी ने कैबनिट बैठक में अपने सहयोगियों को हिदायत दी थी कि वह 'भारत' और 'इंडिया' विवाद पर कुछ नहीं बोलें, लेकिन सनातन धर्म को लेकर उदयनिधि की टिप्पणी का उचित जवाब दें।
क्या है मामला
क्या है उदयनिधि से जुड़ा विवाद?
उदयनिधि ने 2 सितंबर को 'सनातन उन्मूलन सम्मेलन' को संबोधित करते हुए कहा था कि सनातन धर्म सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ है।
उन्होंने कहा था, "कुछ चीजों का विरोध नहीं किया जा सकता, उन्हें खत्म कर देना चाहिए। हम डेंगू, मच्छर, मलेरिया या कोरोना वायरस का विरोध नहीं कर सकते हैं। हमें इन्हें खत्म करना होगा। इसी तरह हम सनातन धर्म का भी विरोध नहीं कर सकते, इसे खत्म करना है।"