BRS करेगी परिसीमन विधेयक का समर्थन, KTR बोले- प्रतिनिधित्व को लेकर हमारी मुख्य चिंता दूर हुई
क्या है खबर?
देशभर में परिसीमन विधेयक को लेकर सियासत तेज है। इस बीच भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने परिसीमन विधेयक को अपना समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) ने कहा कि सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव से उनकी पार्टी की सबसे बड़ी चिंता दूर हो गई है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के हितों को सर्वोपरि रखते हुए हमारे तीनों राज्यसभा सांसद इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करेंगे।
बयान
KTR बोले- तेलंगाना में लोकसभा सीटें 17 से बढ़कर 26 होंगी
KTR ने कहा, 'परिसीमन पर हमारा रुख हमेशा से स्पष्ट रहा है: दक्षिण भारत के संसदीय प्रतिनिधित्व में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। तेलंगाना के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने लगातार यह मांग की है कि संसद में दक्षिण भारत की मौजूदा 24 प्रतिशत हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए। सीटों में प्रस्तावित 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी हमारी इस मुख्य चिंता का समाधान करती है। साथ ही, इससे तेलंगाना की लोकसभा सीटों की संख्या 17 से बढ़कर 26 हो जाएगी।'
समर्थन
NCP-SP और DMK भी करेगी समर्थन
विधेयक को लेकर केंद्र सरकार जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिशों में है।
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला लिया है। चेन्नई में एमके स्टालिन की अध्यक्षता में हुई सांसदों की बैठक में DMK ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने से जुड़ा प्रस्ताव पारित किया है।
वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP शरद) ने भी विधेयक को समर्थन देने की बात कही है।