दिल्ली में शानदार होगा भाजपा की 27 साल बाद वापसी का जश्न, स्टेडियम में होगा शपथ
क्या है खबर?
दिल्ली की सत्ता पर 27 साल बाद वापसी करने वाली भाजपा बड़े जश्न की तैयारी कर रही है। पार्टी नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण काफी भव्य तरीके से करना चाहती है।
पार्टी की नजर दिल्ली के किसी स्टेडियम में समारोह आयोजित करने की है, जिसके लिए जवाहरलाल नेहरू या अन्य स्टेडियम को चुना जा सकता है। हालांकि, अभी अंतिम निर्णय बाकी है।
समारोह में शामिल होने के लिए भाजपा अपने 200 से अधिक सांसदों और पूर्व सांसदों को निमंत्रण भेजेगी।
शपथ ग्रहण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लौटने के बाद होगा मुख्यमंत्री के नाम का निर्णय
भाजपा दिल्ली के अभियान में भाग लेने वालों को निमंत्रण भेजेगी। साथ में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल होंगे।
पार्टी ने अभी मुख्यमंत्री का चयन नहीं किया है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे से लौटने के बाद इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा और पर्यवेक्षक नियुक्त होगा।
पार्टी के विधायक दल की बैठक 16 फरवरी तक और शपथ ग्रहण उसके बाद होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री
कौन बनेगा दिल्ली का मुख्यमंत्री?
मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए सबसे आगे नाम प्रवेश वर्मा का है, जो पूर्व सांसद रह चुके हैं और उनके पिता भी दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं।
इसके बाद सतीश उपाध्याय, आशीष सूद, जितेंद्र महाजन, विजेंद्र गुप्ता, मनजिंदर सिंह सिरसा, शिखा रॉय, पूनम शर्मा, वीरेंद्र सचदेवा का नाम भी चर्चा में है।
भाजपा जातियों को साधने के लिए 2 उपमुख्यमंत्री भी बना सकती है।
जानकारी
भाजपा ने जीती है 48 सीटें
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में 48 सीटें जीतकर 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है। AAP केवल 22 सीटें ही जीत पाई और लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से चूक गई। कांग्रेस ने पिछली बार की तरह कोई सीट नहीं जीती।