उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव: भाजपा ने रेप के दोषी कुलदीप सेंगर की पत्नी को बनाया उम्मीदवार
क्या है खबर?
भाजपा ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश पंचायत चुनावों के लिए पांच जिलों के उम्मीदवारों का नाम घोषित किए।
पार्टी ने इन चुनावों में संगीता सेंगर को अपना उम्मीदवार बनाया है, जो पूर्व भाजपा विधायक और अब रेप के जुर्म में सजा काट रहे कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी हैं।
संगीता उन्नाव की निवर्तमान जिला पंयाचत अध्यक्ष हैं और भाजपा ने उन्हें फतेहपुर चौरासी तृतीय सीट से जिला पंचायत के सदस्य के चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।
जानकारी
2016 में चुनाव जीतकर जिला पंचायत प्रमुख बनी थीं संगीता
संगीता 2016 में चुनाव जीतकर जिला पंचायत अध्यक्ष बनी थीं। उस साल चुनाव पार्टियों की निशान पर नहीं लड़े गए थे, लेकिन इस बार भाजपा समेत सभी पार्टियों ने आधिकारिक तौर पर अपने उम्मीदार उतारे हैं।
संगीता ने बांगरमऊ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत कटियार के लिए चुनाव प्रचार किया था।
बताया जा रहा है कि अब भाजपा के कई बड़े नेता संगीता और दूसरे उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे।
पंचायत चुनाव
सहानुभूति का फायदा उठाना चाहती है भाजपा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भाजपा कुलदीप सेंगर की गिरफ्तारी के बाद परिवार को मिली सहानुभूति का फायदा उठाना चाहती है। इलाके के कई लोगों का मानना है कि सेंगर निर्दोष है और उसे राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है।
न्यूजनेशन ने लिखा है कि उत्तर प्रदेश भाजपा प्रमुख स्वतंत्र देव सिंह और महासचिव (संगठन) सुनील बंसल ने संगीता की उम्मीदवारी को हरी झंडी दी है। हालांकि, कई स्थानीय नेता दबे स्वर इस उम्मीदवारी का विरोध भी कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश
उपचुनावों में संगीता को टिकट मिलने की थी उम्मीद
बताया जा रहा है कि सेंगर के जेल जाने के बाद हुए उपचुनाव में संगीता सेंगर को भाजपा की तरफ से टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट न देकर श्रीकांत कटियार को उम्मीदवार बना दिया।
संगीता ने उनके लिए चुनाव प्रचार किया था।
परिवारवाद का विरोध करने वाली भाजपा द्वारा पूर्व विधायक की पत्नी को टिकट दिए जाने के बाद विपक्षी दल भी पार्टी पर निशाना साध रहे हैं।
जानकारी
रेप के अपराध में सजा काट रहा है सेंगर
फिलहाल रेप के अपराध में तिहाड़ जेल में बंद कुलदीप सिंह सेंगर भाजपा के अलावा सपा और बसपा के टिकट पर चुनाव जीतकर भी विधायक बना था।
सेंगर ने 2017 में बांगरमऊ से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था। तीन महीने बाद उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया।
रेप के आरोप साबित होने के बाद भाजपा ने उसे पार्टी से निकाल दिया था और बाद में सजा होने पर उसकी विधानसभा की सदस्यता चली गई थी।
जानकारी
उत्तर प्रदेश में कब है पंचायत चुनाव?
उत्तर प्रदेश में 15, 19, 26 और 29 अप्रैल को पंचायत चुनावों के लिए वोट डाले जाएंगे और 2 मई को नतीजे घोषित होंगे। उसी दिन चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों के नतीजों का ऐलान किया जाएगा।