त्रिपुरा, नागालैंड और मिजोरम में सरकार बनाने की कवायद तेज, जानें कहां कौन बनेगा मुख्यमंत्री
क्या है खबर?
त्रिपुरा, नागालैंड और मिजोरम में विधानसभा चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है। त्रिपुरा और नागालैंड के अलावा मेघालय में भी भाजपा गठबंधन के साथ सत्ता पर काबिज होने जा रही है।
इन तीनों राज्यों में चुनावी नतीजे क्या रहे, मुख्यमंत्री की रेस में कौन-कौन शामिल है और कौन-कौन सी पार्टियां यहां सरकार बनाने जा रही हैं, आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
चुनाव नतीजे
तीनों राज्यों में क्या रहे चुनावी नतीजे?
त्रिपुरा में भाजपा-IPFT गठबंधन ने 60 सीटों में से 33 सीटें, वाम-कांग्रेस के गठबंधन ने 14 सीटें और टिपरा मोथा पार्टी ने 13 सीटें जीतीं है।
नागालैंड में भाजपा-NDDP गठबंधन ने 59 में से 37 सीटों पर जीत दर्ज की है, वहीं मुख्य विपक्षी पार्टी NPF ने 2 सीटें जीती हैं।
मेघालय में NPP ने 59 सीटों में से 26 सीटें जीतीं हैं, जबकि कांग्रेस और TMC ने 5-5 सीटें और भाजपा ने 2 सीटें हासिल की हैं।
त्रिपुरा
त्रिपुरा में किसकी अगुवाई में बनेगी सरकार?
मई, 2022 में भाजपा ने बिप्लब कुमार देब को हटाकर माणिक साहा को त्रिपुरा का मुख्यमंत्री बनाया था। उनकी अगुवाई में ही यह विधानसभा चुनाव लड़ा गया।
हालांकि, भाजपा गठबंधन को पिछले चुनाव के मुकाबले इस चुनाव में 3 सीटें कम हासिल हुई हैं, लेकिन बहुमत का आकंड़ा पार हो गया है। माणिक साहा भी अपनी सीट से चुनाव जीते हैं। ऐसे में उनका मुख्यमंत्री बनना तय है और भाजपा उनके नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए तैयार है।
नागालैंड
नागालैंड में कौन बनेगा मुख्यमंत्री?
नागालैंड में इस बार भी भाजपा और नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDDP) ने गठबंधन में चुनाव लड़ा। गठबंधन ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की है, जिसमें भाजपा की 12 और NDPP की 25 सीटें हैं। पिछले चुनाव में गठबंधन को केवल 30 सीटें ही हासिल हुई थीं।
इस चुनाव में नागालैंड में पहली बार दो महिला विधायक भी चुनीं गईं।
भाजपा यहां दोबारा NDDP प्रमुख नेफियू रियो के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए तैयार है।
मेघालय
मेघालय में NPP प्रमुख ने अमित शाह से मांगा समर्थन
मेघालय में किसी पार्टी के स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। 59 विधानसभा सीटों में से नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) ने 26 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) ने 11 सीटें जीती हैं।
चुनाव नतीजे आने के बाद NPP प्रमुख कॉनराड संगमा ने केंंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और वह भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाने को तैयारी में हैं। वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
UDP भी गठबंधन में साथ आ सकती है।
स्थिति
किसी भी राज्य में नहीं हुआ सत्ता परिवर्तन
तीनों राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में कमोबेश पहले जैसी स्थिति ही बनी हुई है और इसमें किसी भी तरह का कोई सत्ता परिवर्तन देखने को नहीं मिला। त्रिपुरा और नागालैंड में पहले भी भाजपा गठबंधन की ही सरकार थी।
इसके अलावा मेघालय में भी भाजपा, NPP और UDP की सरकार थी और इस बार भी उनकी सरकार बनने के आसार हैं। चुनाव से पहले भाजपा ने गठबंधन तोड़ दिया था और तीनों पार्टियों ने यहां अकेले चुनाव लड़ा था।