TMC विधायक की पत्नी जीती 1 करोड़ रुपये की लॉटरी, भाजपा का मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक विधायक की पत्नी के एक करोड़ रुपये की लॉटरी जीतने पर भाजपा ने उस पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया है।
विधानसभा में नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने ट्वीट करते हुए कहा कि TMC लॉटरी के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग कर रही है।
काले धन को सफेद करने की प्रक्रिया को मनी लॉन्ड्रिंग कहा जाता है और यह जघन्य आर्थिक अपराध की श्रेणी में आता है।
मामला
क्या है पूरा मामला?
कुछ दिन पहले नागालैंड राज्य से निकलने वाली डीयर लॉटरी के विजेताओं के नाम का ऐलान किया गया था। विजेताओं की सूची में पश्चिम बंगाल की जोरासांको सीट से TMC विधायक विवेक गुप्ता की पत्नी रुचिका गुप्ता का नाम भी शामिल रहा।
उनके हाथ एक करोड़ रुपये की बंपर लॉटरी लगी। लॉटरी में पहले नंबर पर आने वाले व्यक्ति को यह पुरस्कार राशि मिलती है, यानि रुचिका गुप्ता के हाथ सबसे अधिक राशि वाली लॉटरी लगी।
सवाल
डीयर लॉटरी और TMC का है उलझा हुआ रिश्ता- सुवेंदु अधिकारी
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने रुचिका के लॉटरी जीतने पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया, 'मैं हमेशा से यह कहता आ रहा हूं कि डीयर लॉटरी और TMC का एक उलझा हुआ रिश्ता है। ये मनी लॉन्ड्रिंग करने का एक आसान रास्ता है। आम लोग भी टिकट खरीदते हैं, लेकिन बंपर ईनाम TMC नेता जीतते हैं। पहले अनुब्रत मंडल ने जैकपॉट जीता और अब TMC विधायक विवेक गुप्ता की पत्नी ने एक करोड़ रुपये जीते हैं।'
आरोप
अधिकारी बोले, गरीब लोगों को लालच देकर फंसाया जा रहा
अधिकारी ने अपने ट्वीट में कहा कि वह इस खतरनाक मुद्दे पर हमेशा मुखर रहे हैं।
उन्होंने आगे लिखा, 'पश्चिम बंगाल के गरीब लोगों को आसान पैसा जीतने का लालच देकर फंसाया जा रहा है और वो इसके आदी हो रहे हैं। (लॉटरी तक) आसान पहुंच के कारण वो अपनी मेहनत की कमाई को ऐसी टिकटों पर खर्च कर रहे हैं और TMC के भ्रष्ट नेता उनकी कीमत पर लाभ उठा रहे हैं।'
पत्र
मामले में अमित शाह को पत्र लिख चुके हैं सुवेंदु अधिकारी
अधिकारी ने बताया कि वह इस संबंध में लगभग एक साल पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भी लिख चुके हैं। अपने ट्वीट के साथ उन्होंने ये पत्र भी शेयर किया है।
इसमें उन्होंने शाह से कहा कि डीयर लॉटरी के लिए पश्चिम बंगाल एक बड़ा बाजार है और वह जहां करोड़ों रुपये की कमाई करती है, जिसमें से एक अच्छा-खासा हिस्सा TMC को दिया जाता है।
उन्होंने शाह से मामले की जांच कराने का अनुरोध किया था।
प्रतिक्रिया
TMC विधायक ने आरोपों को किया खारिज
TMC विधायक विवेक गुप्ता ने अधिकारी के आरोपों को खारिज करते हुए अपनी पत्नी पर राजनीतिक हमलों को अनुचित बताया है।
उन्होंने कहा, "ये उनके ऊपर है कि वो इस पैसे का क्या करेंगी। चूंकि वह एक चैरिटी संस्था से जुड़ी हुई हैं तो वो इसे परोपकारी गतिविधियों के लिए भी इस्तेमाल कर सकती हैं।"
उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि वह इतने शक्तिशाली है कि भाजपा शासित नागालैंड से चल रही लॉटरी को प्रभावित कर सकते हैं।
सुवेंदु अधिकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
अभी बंगाल में भाजपा के सबसे बड़े नेताओं में शामिल सुवेंदु अधिकारी कभी ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी हुआ करते थे।
ममता जिस 'मां, माटी, मानुष' अभियान के जरिए 2011 में बंगाल की सत्ता में आई थी, उसमें अधिकारी ने अहम भूमिका निभाई थी।
हालांकि ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के बढ़ते प्रभाव से नाराज होकर वो भाजपा में शामिल हो गए।
उन्होंने 2021 विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से ममता को चुनौती दी और उन्हें हराने में कामयाब रहे।