विधानसभा चुनाव: पंजाब की सभी 117 और उत्तर प्रदेश में 59 सीटों पर कल होगा मतदान

पंजाब में नई विधानसभा के गठन के लिए रविवार सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे सभी 117 सीटों पर मतदान होगा। इसी तरह उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के मतदान के तहत 16 जिलों की 59 सीटों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसके साथ ही पंजाब में कुल 1,304 और उत्तर प्रदेश में 627 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद हो जाएगी। दोनों राज्यों में पोलिंग पार्टियां शनिवार को आवंटित बूथों पर पहुंच गई।
चुनाव आयोग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के मतदान में करीब 2.15 मतदाता मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें 1.16 करोड़ पुरुष, 99.6 लाख महिला और 1,096 थर्ड जेंडर मतदाता मतादाता हैं। इस चरण के लिए कुल 15,553 मतदान केंद्रों पर 25,741 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इसी तरह पंजाब में कुल 2.14 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 1.11 पुरुष और एक करोड़ महिला मतादाता है। राज्य में 14,751 मतदान केंद्रों पर 24,740 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
पंजाब में इस बार कुल 1,304 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें से 1,209 पुरुष उम्मीदवार, 93 महिला और दो ट्रांसजेडर उम्मीदवार है। साहनेवाल और पटियाला ग्रामीण में सबसे अधिक 19-19 और दीनानगर में सबसे कम पांच उम्मीदवार ही हैं। इसी तरह उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में कुल 623 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। इनमें मेहरौनी और एटा विधानसभा सीट पर सबसे अधिक 15-15 प्रत्याशी मैदान में हैं।
पंजाब में लंबी विधानसभा सीट से शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता और पांच बार मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, अमृतसर पूर्व सीट पर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया, चमकौर साहिब और भदौड़ सीट से मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पटियाला अर्बन सीट से पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और जलालाबाद सीट पर सुखबीर सिंह बादल चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में इन सीटों पर सभी लोगों की नजरें टिकी होंगी।
इसी तरह उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के मंत्री सतीश महाना, आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री, नीलिमा कटियार और मोदी सरकार में मंत्री एसपी बघेल की किस्मत दांव पर होगी। इसी तरह इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव का नाम प्रमुख है। वह मैनपुरी जिले की करहल सीट से केंद्रीय मंत्री बघेल के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय कपूर लुईस खुर्शीद भी प्रमुख नेताओं में शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने पंजाब में 2,013 मतदान केंद्रों की पहचान संवेदनशील और 2,952 की अतिसंवेदनशील के रूप में की है। इसी तरह राज्य में कुल 17 विधानसभा क्षेत्रों संवेदनशील माना गया है। मतदान के लिए 64 पर्यवेक्षक और 3 वरिष्ठ पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज और हाथरस जिलों की कुल 19 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इसी तरह अवध रीजन के कानपुर, कानपुर देहात, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज और इटावा जिलों की 27 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इनके अलावा बुंदेलखंड में झांसी, जालौन, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा जिले की कुल 13 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। कुल 59 में से 13 सीटें संवेदनशील श्रेणी में हैं।
चुनाव आयोग ने पंजाब में खालिस्तानी और पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों की धमकियों के बीच चुनाव में सुरक्षा के लए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CPF) की करीब 455 कंपनियों की तैनाती की है। इसके अलावा करीब 50,000 पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। इसी तरह उत्तर प्रदेश में केंद्रीय बलों की कुल 412 कंपनियां तैनात की गई है। इसके अलावा पुलिस के 5,154 निरीक्षक और उप निरीक्षक, 50,597 कॉन्स्टेबल और हैड कांस्टेबलों को तैनात किया गया है।
उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी को पहले और 14 फरवरी को दूसरे चरण का मतदान हो चुका है। रविवार को होने वाले मतदान के बाद यहां 23 फरवरी को चौथे, 27 को पांचवें, 3 मार्च को छठे और 7 को सातवें चरण का मतदान होगा।
बता दें कि उत्तराखंड और गोवा में 14 फरवरी को एक चरण में मतदान हो चुका है और पंजाब में रविवार को सम्पन्न हो जाएगा। इसके बाद उत्तर प्रदेश में चार चरण का मतदान बाकी रहेगा और मणिपुर में 28 फरवरी को पहले और 5 मार्च को दूसरे चरण का मतदान होगा। इसके बाद पांचों राज्यों में 10 मार्च को एकसाथ मतगणना होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। फिलहाल आयोग बचे हुए मतदान कराने में जुटा है।