उत्तर प्रदेश चुनावों के लिए अमित शाह की 'बंगाल रणनीति', हर महीने राज्य में बिताएंगे 7 दिन
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा अपनी तैयारियां तेज कर रही हैं। माना जा रहा है कि गृह मंत्री अमित शाह पार्टी की जमीनी तैयारियों की देखरेख और चुनावी रणनीति में अहम भूमिका निभाएंगे। खबर है कि वे अब महीने में कम से कम 7 दिन राज्य में बिताने की योजना बना रहे है। शाह ने इस तरह की रणनीति पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान भी अपनाई थी।
रिपोर्ट
हर महीने 7 दिन उत्तर प्रदेश में रहेंगे शाह- रिपोर्ट
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, शाह अब चुनाव प्रचार की निगरानी करने, संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करने और नेताओं के साथ समन्वय करने के लिए हर महीने कम से कम 7 दिन उत्तर प्रदेश में ही बिताएंगे।
यह जानकारी मथुरा में भाजपा की 2 दिवसीय चिंतन बैठक के बाद सामने आई है, जहां पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया है।
काम
क्या होगी शाह की भूमिका?
उत्तर प्रदेश में शाह की भूमिका संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, अलग-अलग सीटों पर पार्टी की स्थिति का आकलन करने और राज्य नेतृत्व, निर्वाचित प्रतिनिधियों और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय सुधारने पर केंद्रित रहने की उम्मीद है।
उनकी यात्राओं में संगठनात्मक बैठकें और पार्टी की तैयारियों की समीक्षा शामिल होने की संभावना है।
अभी तक उनके दौरे की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन योजनाओं पर काम हो रहा है।
बंगाल
बंगाल में भी अपनाई थी यही रणनीति
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भी शाह ने इसी रणनीति पर काम किया था। तब उन्होंने हर महीने के कम से कम 15 दिन राज्य में बिताए थे। इसके बाद बंगाल में भाजपा को बड़ी जीत हासिल हुई और पार्टी पहली बार राज्य की सत्ता में आई।
इसी को देखते हुए उत्तर प्रदेश में भी यही योजना है, जहां योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है।
मंत्री
कई वरिष्ठ मंत्री और संगठन नेता भी राज्य में डालेंगे डेरा
रिपोर्ट के मुताबिक, मथुरा में हुई बैठक में तय हुआ है कि दूसरे राज्यों के 6 संगठन मंत्री उत्तर प्रदेश के अलग-अलग संभागों में काम संभालेंगे।
इसके अलावा पार्टी राज्य में दूसरे वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों को भी तैनात कर सकती है।
चुनावी अभियान में भाजपा का ध्यान सुशासन, विकास, कल्याणकारी योजनाओं के वितरण और कानून व्यवस्था पर केंद्रित रहेगा। पार्टी अपने दोनों कार्यकाल के विकास एजेंडे को जनता के बीच लेकर जाएगी।