Page Loader
जल्द नई पार्टी के नाम का ऐलान करेंगे अमरिंदर सिंह, कल अमित शाह से मिलेंगे
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह

जल्द नई पार्टी के नाम का ऐलान करेंगे अमरिंदर सिंह, कल अमित शाह से मिलेंगे

Oct 27, 2021
01:23 pm

क्या है खबर?

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बुधवार को कहा कि वो विधानसभा चुनाव से पहले अपनी नई पार्टी बनाने जा रहे हैं और ​चुनाव आयोग से मंजूरी मिलने के बाद वो इसका नाम सार्वजनिक करेंगे। इस मौके पर सिंह ने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में वो प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ उम्मीदवार खड़ा करेंगे। गौरतलब है कि सिद्धू को अमरिंदर सिंह का धुर विरोधी माना जाता है।

बयान

पार्टी को लेकर अमरिंदर सिंह ने क्या कहा?

सिंह ने कहा, "हां, मैं नई पार्टी बना रहा हूं। मेरे वकील इस पर काम कर रहे हैं, लेकिन मैं आपको इसका नाम नहीं बता सकता। चुनाव आयोग से मंजूरी मिलने पर नाम सार्वजनिक होगा। हमने चुनाव चिन्ह के लिए भी आवेदन किया है।" सिंह ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि वो नई पार्टी बनाएंगे और अगर केंद्र सरकार किसानों के हित में किसान आंदोलन का समाधान निकालती है तो वो भाजपा के साथ गठबंधन कर सकते हैं।

जानकारी

गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे सिंह

अमरिंदर सिंह ने बताया कि वो किसान आंदोलन के मुद्दे पर गुरुवार को 25-30 लोगों के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने जाएंगे। इन लोगों में कृषि विशेषज्ञ और सिंह के करीबी नेता शामिल हो सकते हैं।

निशाना

चन्नी सरकार पर साधा निशाना

केंद्र सरकार ने हाल ही में पंजाब में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अधिकार क्षेत्र को बढ़ाया था। इस पर मौजूदा मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने ऐलान किया कि उनकी सरकार इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट जाएगी। इस फैसले की आलोचना करते हुए सिंह ने कहा, "कोई पंजाब पर कब्जा नहीं कर रहा है। यह ड्रोन से निपटने के लिए किया गया है। टेक्नोलॉजी एडवांस हो रही है और पेलोड्स बढ़ रहे हैं। इन खतरों को कम आंकना गैर-जिम्मेदाराना है।"

प्रतिक्रिया

कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर क्या बोले अमरिंदर सिंह?

कांग्रेस से मोहभंग होने के बावजूद अमरिंदर सिंह ने अभी तक पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है। इस बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वो 52 साल तक कांग्रेस में रहे हैं। अब अगर 10 दिन और रह जाते हैं तो क्या हो जाएगा? इस मौके पर उन्होंने सिद्धू पर भी निशाना साधा और दावा किया कि उनके पंजाब प्रमुख बनने के बाद राज्य में कांग्रेस की लोकप्रियता 25 प्रतिशत तक कम हो गई है।

पलटवार

सिद्धू ने किया पलटवार

बुधवार को अमरिंदर सिंह ने ऐलान किया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में वो नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ उम्मीदवार खड़ा करेंगे। इस पर पलटवार करते हुए सिद्धू ने ट्विटर पर लिखा, 'आप मेरे लिए सारे दरवाजे बंद करना चाहते थे। पिछली बार आपने जब पार्टी बनाई तो आपको 856 वोट मिले थे। एक बार फिर पंजाब के लोग आपको राज्य के हितों से समझौता करने की सजा देने का इंतजार कर रहे हैं।'

जानकारी

सितंबर में सिंह ने छोड़ा था मुख्यमंत्री पद

गौरतलब है कि पंजाब कांग्रेस में खींचतान के बीच कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व ने 18 सितंबर को अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने पर मजबूर कर दिया था। उनका पिछले काफी समय से नवजोत सिंह सिद्धू से झगड़ा चल रहा था। इस्तीफा देते हुए अमरिंदर ने कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व पर उन्हें अपमानित करने का आरोप लगाया था। उन्होंने पहले ही साफ कर दिया था कि वे अपने लिए नए राजनीतिक विकल्प तलाशेंगे।