Page Loader
INDIA में रार, जाति जनगणना पर अखिलेश यादव ने राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरा 
अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने सत्ता में रहते हुए जाति जनगणना क्यों नहीं कराई

INDIA में रार, जाति जनगणना पर अखिलेश यादव ने राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरा 

लेखन महिमा
Nov 14, 2023
01:13 pm

क्या है खबर?

समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव ने जाति जनगणना की मांग पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर तंज कसा है। इसने विपक्षी गठबंधन INDIA में आई दरार को स्पष्ट कर दिया है। अखिलेश ने सीधे कांग्रेस पार्टी से सवाल किया कि उनकी सरकारों ने सत्ता में रहते हुए जाति जनगणना क्यों नहीं कराई। अखिलेश की इस टिप्पणी ने दोनों पार्टियों के बीच मतभेदों को खुलकर सभी के सामने रख दिया है।

तंज

अखिलेश क्या बोले?

अखिलेश ने मध्य प्रदेश के सतना में समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, "जिस समय एक्स-रे होना था, वह एक्स रे का समय था। आज सीटी स्कैन है और MRI मशीन (का समय) है क्योंकि बीमारी बड़ी हो गई है। उस समय ही समाधान हो गया होता तो शायद समाज में इतनी बड़ी खाई नहीं होती।" उन्होंने कहा, "5 प्रतिशत लोगों पर देश की 60 प्रतिशत संपत्ति लुटाई गई। यह पुरानी सरकारों की गलत नीतियों के कारण हुआ।"

आलोचना

अखिलेश ने आजादी के बाद जाति जनगणना नहीं कराने के लिए कांग्रेस की आलोचना की

अखिलेश ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए पूछा कि उसने आजादी के बाद क्यों जातिगत जनगणना नहीं कराई। उन्होंने कहा, "कांग्रेस वो पार्टी है, जिसने आजादी के बाद जातिगत जनगणना नहीं कराई। लोकसभा मे नेता जी, लालू प्रसाद यादव, शरद यादव समेत तमाम नेताओं ने इसकी मांग की थी। आज वो क्यों जनगणना करानी चाहते हैं? क्योंकि उनके पास उनका पारंपरिक मतदाता आधार नहीं रहा, इसलिए वो पिछड़े वर्ग को देख रहे हैं।"

जानकारी

दोनों पार्टियों के बीच हो चुका है पोस्टर युद्ध

इससे पहले SP कार्यालय के बाहर अखिलेश को 'भावी प्रधानमंत्री' बताने वाला एक पोस्टर लगाए जाने के बाद दोनों पार्टियों के बीच पोस्टर युद्ध देखने को मिला था। जवाब में लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय के बाहर राहुल को '2024 का प्रधानमंत्री' बताया गया था।

अखिलेश

अखिलेश कांग्रेस पर क्यों भड़के हुए हैं?

दरअसल, मध्य प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर विवाद के बाद से अखिलेश कांग्रेस पर भड़के हुए हैं। पिछले हफ्ते उन्होंने दावा किया था कि कांग्रेस SP के साथ गठबंधन नहीं करना चाहती है। उन्होंने तब संकेत दिए थे कि वो प्रदेश में तीसरे मोर्चे पर विचार कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पर मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू न करने और जाति जनगणना के विरोध के आरोप भी लगाए थे।

INDIA

अखिलेश के रुख से INDIA के भविष्य पर सवाल  

ANI से बातचीत में जब अखिलेश से INDIA पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इसे आगे देखा जाएगा। उनका ये रुख और बयान गठबंधन में दरार को दर्शाते हैं। अखिलेश की SP सबसे अधिक 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है, ऐसे में अगर वो गठबंधन से अलग होते हैं तो ये INDIA के लिए अब तक का सबसे बड़ा झटका होगा।

जातिगत जनगणना

न्यूजबाइट्स प्लस

राहुल जातिगत जनगणना का मुद्दा जोर-शोर से उठा रहे हैं और इसे 'देश का एक्स-रे' बताया है। जब हाल ही में बिहार में जातिगत सर्वे हुआ था, तब उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 'जितनी आबादी उतना हक' नारे के साथ देशव्यापी जाति-आधारित सर्वे पर जोर दिया था। अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने जातिगत जनगणना का वादा किया है। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस शासित राज्यों में जातिगत जनगणना करवाने का फैसला लिया गया था।