Page Loader
INDIA गठबंधन को एक और झटका, पंजाब की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी AAP
पंजाब में AAP और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होगा

INDIA गठबंधन को एक और झटका, पंजाब की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी AAP

लेखन आबिद खान
Feb 10, 2024
05:27 pm

क्या है खबर?

विपक्षी गठबंधन INDIA की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पश्चिम बंगाल और बिहार के बाद अब गठबंधन को पंजाब में भी बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब की सभी 13 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर दिया है। AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब दौरे के दौरान इस बात की घोषणा की है। बता दें कि पहले यहां कांग्रेस और AAP के बीच गठबंधन होने की चर्चाएं थीं।

बयान

क्या बोले केजरीवाल?

केजरीवाल ने पंजाब के खन्ना में एक रैली में कहा, "आज से 2 साल पहले आपने हमें बहुत बड़ा 'आशीर्वाद' दिया था और पंजाब में 117 में से 92 सीट जिताई थी। आज आपसे हाथ जोड़कर एक और आशीर्वाद मांगने आया हूं। 2 महीने के बाद लोकसभा चुनाव है। इसके लिए पंजाब में 13 और एक सीट चंडीगढ़ में है। आने वाले 15 दिनों में AAP इन 14 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर देगी।"

अपील

केजरीवाल ने लोगों से की ये अपील 

केजरीवाल ने लोगों से पार्टी के लिए वोट भी मांगे। उन्होंने कहा, "अब आप लोगों से निवेदन है कि जिस तरह 2 साल पहले आशीर्वाद दिया था, उसी तरह यह 14 लोकसभा सीटें आम आदमी पार्टी को जितानी है। भारी बहुमत से आम आदमी पार्टी को 14 सीटें आपको जितानी है और झाड़ू लगानी है। आप हमारे हाथ जितने मजबूत करोगे, उतनी ताकत से हम काम करेंगे और पूरी जिंदगी आपकी सेवा करेंगे।"

सीट बंटवारा

सीट बंटवारे पर नहीं बनी बात

बता दें कि हाल ही में हुए चंडीगढ़ मेयर चुनाव में AAP और कांग्रेस ने संयुक्त उम्मीदवार उतारा था। इसके बाद से चर्चाएं थीं कि दोनों पार्टियों लोकसभा चुनाव भी साथ लड़ सकती है। हालांकि, केजरीवाल के इस ऐलान के बाद स्पष्ट हो गया है कि दोनों पार्टियों में सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बनी है। इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी कहा था कि उनकी पार्टी पंजाब की सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

बिहार

बिहार और पश्चिम बंगाल में भी INDIA को लगा था झटका

इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी राज्य में कांग्रेस के साथ गठबंधन से इनकार कर दिया था। इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) और कांग्रेस के बीच काफी बयानबाजी भी हुई थी। दूसरी ओर, गठबंधन के सूत्रधार रहे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश में भी समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बनी है।