Page Loader
हरभजन सिंह को राज्यसभा भेजेगी AAP, सौंपी जा सकती है खेल यूनिवर्सिटी की भी कमान
हरभजन सिंह को राज्यसभा भेजेगी AAP

हरभजन सिंह को राज्यसभा भेजेगी AAP, सौंपी जा सकती है खेल यूनिवर्सिटी की भी कमान

Mar 17, 2022
05:08 pm

क्या है खबर?

पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह अब अपनी सियासी पारी की शुरुआत कर रहे हैं। पंजाब में सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) ने उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है। इसके अलावा यह भी जानकारी मिल रही है कि AAP सरकार उन्हें राज्य में बनने वाली खेल यूनिवर्सिटी की कमान भी सौंप सकती है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है। बता दें कि इसी महीने के आखिर तक AAP को पांच राज्यसभा सीटें मिलने वाली हैं।

पंजाब

भाजपा और कांग्रेस में जाने के थे कयास

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले हरभजन सिंह के भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए गए थे। इंडिया टुडे के अनुसार, एक वरिष्ठ भाजपा नेता था कि पार्टी हरभजन सिंह और युवराज सिंह के संपर्क में है। इन अफवाहों पर विराम भी नहीं लगा था कि हरभजन सिंह को कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात करते हुए देखा गया था। इसके बाद उनके कांग्रेस में शामिल होने के कयास लगाए जाने लगे।

जानकारी

भगवंत मान को दी थी बधाई

10 मार्च को घोषित हुए चुनाव नतीजों में पता चला गया था कि पंजाब में AAP की सरकार बनने जा रही है। तब सिंह ने ट्वीटर पर लिखा, 'आम आदमी पार्टी और मेरे दोस्त भगवंत मान को हमारा नया मुख्यमंत्री बनने पर बधाई। यह सुनकर बहुत अच्छा लगा कि वह भगत सिंह के गांव खटकर कलां में नए सीएम के रूप में शपथ लेंगे। क्या तस्वीर है। यह गर्व का क्षण है माता जी के लिए।'

राज्यसभा चुनाव

खाली हो रही हैं पंजाब की पांच राज्यसभा सीटें

पंजाब के पांच राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल अगले महीने समाप्त होने वाला है। अकाली दल के सुखदेव सिंह ढींडसा और नरेश गुजराल, कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा और शमशेर सिंह दुल्लों और भाजपा के श्वेत मलिक का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो जाएगा। ये पांचों सीटें AAP के खाते में जाना तय है। उससे पहले पांचों सीटों पर नए सांसदों का चुनाव हो जाएगा। चुनाव के लिए 31 मार्च का दिन निर्धारित किया गया है।

संन्यास

दिसंबर में सिंह ने लिया था संन्यास

टर्बनेटर के नाम से मशहूर हरभजन सिंह ने पिछले साल दिसंबर में क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। हरभजन ने 2016 में आखिरी बार अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था तो वहीं इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के दौरान उन्होंने आखिरी बार प्रतियोगी क्रिकेट खेली थी। 2001 में कोलकाता में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान हरभजन टेस्ट हैट्रिक लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने थे। वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले ऑफ स्पिनर भी हैं।