रोबोडॉग विवाद के बाद AI इंपैक्ट समिट से गलगोटिया यूनिवर्सिटी को किया गया बाहर
क्या है खबर?
AI इंपैक्ट समिट में प्रदर्शित रोबोट डॉग को लेकर पैदा हुए विवाद के बाद गलगोटिया यूनिवर्सिटी AI समिट छोड़ने जा रही है। न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, गलगोटिया यूनिवर्सिटी को दिल्ली AI समिट एक्सपो की जगह तुरंत खाली करने को कहा गया है। यह कदम उस विवाद के बाद उठाया गया, जिसमें चीन में बने रोबोटिक डॉग को समिट में "ओरियन" नाम से प्रदर्शित किया गया था। मामले ने राजधानी में चल रहे कार्यक्रम के बीच बड़ा ध्यान खींचा है।
विवाद
रोबोट डॉग को लेकर क्या था विवाद?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, AI इंपैक्ट समिट में दिखाया गया AI रोबोटिक डॉग असल में चीन की कंपनी यूनिट्री का Go2 मॉडल था। आलोचकों ने आरोप लगाया कि इम्पोर्टेड टेक्नोलॉजी को देश में विकसित तकनीक की तरह पेश किया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह मुद्दा तेजी से चर्चा में आया। कई लोगों ने सवाल उठाए कि क्या इसे स्वदेशी इनोवेशन के रूप में दिखाया गया था।
सफाई
यूनिवर्सिटी ने दी थी सफाई
विवाद बढ़ने पर यूनिवर्सिटी ने बयान जारी कर कहा कि उसने रोबोडॉग बनाने का कभी दावा नहीं किया। संस्थान ने स्पष्ट किया कि डिवाइस को शैक्षणिक उद्देश्य से खरीदा गया था और छात्रों को नई तकनीक समझाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। बयान में कहा गया कि उनका लक्ष्य भविष्य में भारत में ऐसी तकनीक विकसित करने की क्षमता तैयार करना है, न कि गलत दावा करना।
प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया प्रतिक्रिया और आगे की स्थिति
इस मामले के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। कई यूजर्स ने संस्थान पर तकनीक को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया है। हालांकि, यूनिवर्सिटी ने कहा कि वह छात्रों को वैश्विक तकनीक से परिचित कराने के लिए ऐसे उपकरण कैंपस में लाती है। समिट में यूनिवर्सिटी की तरफ से दिखाया गया एक ड्रोन खुद का बनाया बताया गया था, कुछ लोगों ने दावा किया कि वह स्ट्राइकर V3 ARF मॉडल से मिलता-जुलता है।